म
विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों के भवनों की गुणवत्ता जांचने तथा अतिवृष्टि की स्थिति में बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश
साप्ताहिक समीक्षा बैठक में आमजन से जुड़ी सेवाओं, संपर्क एवं लाइट्स पोर्टल के प्रकरणों सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की हुई समीक्षा
झालावाड़, ( जगदीश पोरवाल )16 अगस्त। जिले में आमजन को उपलब्ध कराई जा रही आवश्यक सेवाओं की गुणवत्ता, सुचारू संचालन एवं समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार को जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित सेवाओं एवं योजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए आमजन को बेहतर एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
जिला कलेक्टर ने मानसून को देखते हुए सभी अधिकारियों को सतर्क एवं मुस्तैद रहने तथा बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों के भवनों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा की जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही, अत्यधिक वर्षा होने अथवा भारी बारिश की संभावना की स्थिति में बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यकता के अनुसार विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में अवकाश घोषित करने के निर्देश दिए।
विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
जिले में विद्युत आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने मानसून के दौरान विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में कम से कम समय में आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत पोल एवं तारों की नियमित जांच एवं आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े।
बांधों के भराव एवं गेट खोलने की स्थिति में रखें विशेष सतर्कता
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को मानसून के दौरान बांधों के जलभराव एवं गेट खोलने की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। जिला कलेक्टर ने कहा कि बांधों के गेट खोलने की आवश्यकता होने पर आसपास के क्षेत्रों में समय रहते सूचना प्रेषित की जाए, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें
जिला कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को मानसून के दौरान मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं उपचार के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं आवश्यक दवाओं की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के साथ ही लाडो प्रोत्साहन योजना में भी अपेक्षित प्रगति बनाए रखने के निर्देश दिए।
राजकीय भवनों के पट्टों का शीघ्र करवाएं रजिस्ट्रेशन
जिला कलेक्टर ने कहा कि झालावाड़ जिले में जिन राजकीय भवनों के पट्टे बन चुके हैं, उनका संबंधित नगरीय निकाय अथवा ग्राम पंचायत से रजिस्ट्रेशन करवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
संपर्क एवं लाइट्स पोर्टल के लंबित प्रकरणों का शीघ्र करें निस्तारण
बैठक में संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को आमजन की शिकायतों का कम से कम समय में गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लाइट्स पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान पशुपालन, रसद, सहकारिता, शिक्षा, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जलदाय विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने विभागवार प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए तथा आमजन से जुड़ी सेवाओं में संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर कमल सिंह यादव, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभु दयाल मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

