बांडियाबाग में ब्लॉक कांग्रेस की बैठक, पंचायत समिति के 21 वार्डों सहित जिला परिषद व सरपंच पद के दावेदारों से लिए आवेदन
भवानीमंडी। (जगदीश पोरवाल) कांग्रेस पार्टी आगामी पंचायती राज चुनाव पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ लड़ेगी। पार्टी कार्यकर्ता संगठन की मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरें और कांग्रेस की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाएं। यह बात जिला कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह गुर्जर ने बुधवार को बांडियाबाग में आयोजित भवानीमंडी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि चुनाव में पार्टी की जीत के लिए सभी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ कार्य करना होगा। बैठक में आगामी पंचायती राज चुनावों की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक स्तर पर चर्चा की गई।
बैठक विधानसभा प्रत्याशी चेतराज गहलोत एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रोड़ सिंह परमार के नेतृत्व में आयोजित हुई। इस दौरान भवानीमंडी ब्लॉक पंचायत समिति के 21 वार्डों के जनपद सदस्य पद के साथ जिला परिषद सदस्य एवं सरपंच पद के इच्छुक प्रत्याशियों से आवेदन पत्र प्राप्त किए गए।
कार्यक्रम का संचालन संगठन मंत्री कालू लाल सालेचा ने किया। बैठक में दावेदारों ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए पार्टी के समक्ष अपने आवेदन प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर पूर्व विधायक स्नेहलता आर्य, ब्लॉक कांग्रेस प्रवक्ता अख्तर अली सहित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ता एवं विभिन्न पदों पर चुनाव लड़ने के इच्छुक गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

