न
भवानीमंडी। उपखंड क्षेत्र के पटवार मंडल नारायण खेड़ा में शनिवार देर रात एक दुखद हादसा सामने आया, जहां नाले के तेज बहाव की चपेट में आने से एक युवक की बहने से मौत हो गई। कड़ी मशक्कत और रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद रविवार को राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम ने युवक का शव बरामद कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, नारायण खेड़ा निवासी नानूराम गुर्जर पुत्र रतनलाल गुर्जर ( उम्र 40 वर्ष )शनिवार रात करीब 1:00 बजे पैदल ही पुलिया पार कर रहे थे। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण पुलिया पर पानी का बहाव बेहद तेज था। पार करते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से नानूराम का पैर फिसल गया और वे सीधे उफनते पानी में जा गिरे। देखते ही देखते तेज धार उन्हें अपने साथ बहा ले गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचे। रात में अंधेरा और पानी का वेग अधिक होने के कारण तलाश में काफी मुश्किलें आईं। रविवार तड़के एसडीआरएफ (SDRF) की विशेष रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया। SDRF के जवानों ने बोट और आधुनिक उपकरणों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया।
रविवार सुबह 11:00 बजे तक रेस्क्यू अभियान लगातार जारी रहा। आखिरकार घटनास्थल से कुछ दूरी पर SDRF की टीम को नानूराम का शव झाड़ियों और पानी के तेज जमाव के बीच से बरामद हो गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया है, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। युवक की असमय मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि बारिश के मौसम में उफनती पुलिया और नालों को पार करने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं।

