भ
भवानीमंडी। पंचायती राज चुनावों की तैयारियों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भवानीमंडी की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार, 30 सितंबर को दोपहर 1 बजे बांडियाबाग में आयोजित की जा रही है। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह गुर्जर करेंगे, जबकि बैठक विधानसभा प्रत्याशी चेतराज गहलोत एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रोड़ सिंह परमार के नेतृत्व में होगी।
ब्लॉक कांग्रेस प्रवक्ता अख्तर अली ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी पंचायती राज चुनावों की रणनीति तय करने और उम्मीदवारों के चयन प्रक्रिया को लेकर यह बैठक बुलाई गई है।
उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान ब्लॉक के उन सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे, जो पंचायती राज चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं। प्रवक्ता ने क्षेत्र के सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से तय समय पर बांडियाबाग पहुंचकर बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने की अपील की है।

