झ
झालावाड़ (15 अगस्त): ( जगदीश पोरवाल )
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झालावाड़ जिला प्रशासन की संवेदनशील पहल देखने को मिली। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने कक्षा 7 में पढ़ने वाले मांसपेशीय दुर्बलता (मस्कुलर डिस्ट्रॉफी) से पीड़ित छात्र नक्शराज सिंह को अपने आवास पर आयोजित ‘एट होम’ कार्यक्रम में इलेक्ट्रिक व्हील चेयर प्रदान की।
भंवरासा निवासी नक्शराज के परिजनों ने उसकी शारीरिक स्थिति को देखते हुए कलेक्टर से व्हील चेयर दिलाने का आग्रह किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक गौरी शंकर मीणा को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। विभाग के प्रयासों से विशेष योजना के तहत बच्चे को यह सहायता उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम के दौरान आरपीएससी (RPSC) के पूर्व अध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने नक्शराज का माला पहनाकर स्वागत किया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इलेक्ट्रिक व्हील चेयर मिलने से अब नक्शराज अपनी पढ़ाई और दैनिक कार्यों के लिए आत्मनिर्भर हो सकेगा। नक्शराज और उसके परिवार ने जिला प्रशासन की इस मानवीय सोच और सहायता के लिए गहरा आभार व्यक्त किया है।

