भ
भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवाल ) उपखंड मुख्यालय भवानीमंडी में स्वतंत्रता दिवस का पर्व परंपरागत हर्षोल्लास, देशभक्ति और उमंग के साथ मनाया गया। शहर के मुख्य समारोह से लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों, शैक्षणिक संस्थानों और औद्योगिक इकाइयों में तिरंगा फहराया गया तथा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
मेला मैदान में मुख्य समारोह
स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह मेला मैदान प्रांगण में आयोजित हुआ, जहाँ उपखंड अधिकारी श्रद्धा गोमे ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। समारोह में स्काउट-गाइड्स द्वारा शानदार मार्च पास्ट किया गया तथा विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने प्रांगण में घूम-घूमकर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। छात्राओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, वहीं छात्रों ने पीटी प्रदर्शन के जरिए शारीरिक कौशल का परिचय दिया। इस अवसर पर उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले कर्मचारियों और प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को अच्छे अंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।

भाजपा मंडल ने मनाया स्वतंत्रता दिवस
भारतीय जनता पार्टी मंडल भवानीमंडी शहर द्वारा स्वतंत्रता दिवस का पर्व राजमाता विजयाराजे सिंधिया भाजपा कार्यालय पर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यहाँ भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रदीप जैन द्वारा ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात कार्यकर्ताओं ने तिरंगा फहराकर राष्ट्रगान गाया और गगनभेदी देशभक्ति के नारे लगाए। कार्यक्रम के बाद सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता, मंडल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कांग्रेस कमेटी ने निकाली प्रभात फेरी
ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटी भवानीमंडी द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रातः काल भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। ब्लॉक कांग्रेस प्रवक्ता अख़्तर अली ने बताया कि प्रभात फेरी नगर कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जहाँ जगह-जगह गणमान्य नागरिकों ने इसका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद प्रभात फेरी पुनः नगर कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। जहां नगर कांग्रेस अध्यक्ष विनय आस्तोलिया द्वारा ध्वजारोहण किया गया ।
कार्यक्रम में विधानसभा प्रत्याशी चेतराज गहलोत, पूर्व चेयरमैन कैलाश बोहरा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजेश करावन, पूर्व उपाध्यक्ष अनिल मीणा, संगठन मंत्री कालू लाल सालेचा, पंचायती राज संगठन जिला अध्यक्ष जोरावर सिंह चौहान, सेवादल प्रदेश सचिव अख़्तर अली, डॉ. विकास पाण्डेय, आनंद काला, गोपाल जायसवाल, महावीर जैन, हरीश राठौर, हकीम ख़ान, राजिक अंसारी, वरूण मीणा, वीणा मेहरा, राकेश मकवाना, राम बैरवा, चैन सिंह सिसौदिया, रानी शर्मा, मान सिंह जुझारू, विजय नाहर, कैलाश भारती, अविनाश परमार और प्रबल जैन सहित कई कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

संस्थानों व औद्योगिक इकाइयों में भी लहराया तिरंगा
श्री लालचंद आदर्श विद्या मंदिर में वरिष्ठ व्यापारी गोविंद बिरला द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर मेधावी छात्र-छात्राओं को पारितोषिक वितरण कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अतिथि कमल सुरेखा, महावीर मंडलोई तथा विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएं व विद्यार्थी मौजूद रहे।
उधर, राजस्थान टेक्सटाइल्स मिल में मिल के कार्यकारी अध्यक्ष रोहित अरोड़ा द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस मौके पर एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट संजीव सिंह तथा सिक्योरिटी चीफ सुरेंद्र सिंह झाला उपस्थित रहे। ध्वजारोहण कार्यक्रम में मिल स्टाफ व श्रमिकों ने भी सहभागिता निभाई।

