सावन के सोमवार को इंद्रदेव मेहरबान, भवानीमंडी में बरसे ढाई इंच ,कुल बारिश हुई 18.50 इंच


मानसून ने फिर दिखाया रौद्र रूप, किसानों के खिले चेहरे; जिले में भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव, 11 अगस्त को स्कूलों में अवकाश

भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवाल ) सावन के दूसरे सोमवार को इंद्रदेव मेहरबान हुए और भवानीमंडी सहित जिलेभर में मानसून ने एक बार फिर रौद्र रूप दिखाया। सोमवार सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक भवानीमंडी में करीब 62 मिलीमीटर यानी ढाई इंच बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही इस मानसून सीजन में अब तक कुल 468 मिलीमीटर (करीब 18.50 इंच) बारिश हो चुकी है। लगातार हुई बारिश से किसानों और व्यापारियों के चेहरे खिल उठे।

पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बारिश का आंकड़ा फिलहाल पीछे है। वर्ष 2025 में 10 अगस्त तक भवानीमंडी में करीब 26 इंच बारिश हो चुकी थी, जबकि पूरे वर्ष में कुल बारिश करीब 46 इंच दर्ज की गई थी। मानसून अभी भी पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है, ऐसे में आने वाले दिनों में बारिश का आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है।

मनोहरथाना में सर्वाधिक, असनावर में सबसे कम बारिश

झालावाड़ जिले में अब तक मनोहरथाना तहसील में सर्वाधिक 565 मिलीमीटर (22.24 इंच) बारिश दर्ज की गई है। वहीं असनावर तहसील में सबसे कम 268 मिलीमीटर (10.55 इंच) बारिश हुई है।
पिड़ावा-सुनेल सहित कई क्षेत्रों में बारिश बनी आफत
सावन के दूसरे सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश ने जिले के कई क्षेत्रों में राहत के साथ आफत भी पैदा कर दी। पिड़ावा, सुनेल और झालावाड़ क्षेत्र में भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव हो गया। निचली बस्तियों में कई जगह चार-चार फीट तक पानी भर गया। कई स्कूल भवनों में भी बारिश का पानी घुस गया, जिसके चलते विद्यार्थियों और शिक्षकों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाना पड़ा।

11 अगस्त को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश

लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मंगलवार, 11 अगस्त 2026 को जिले के कक्षा 1 से 12 तक के सभी राजकीय एवं निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है।
जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ के निर्देशानुसार मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रामसिंह मीणा द्वारा जारी कार्यालय आदेश में बताया गया है कि भारी वर्षा को देखते हुए विद्यार्थियों को आवागमन के दौरान किसी प्रकार के जोखिम या असुविधा से बचाने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

शिक्षक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी स्कूल पहुंचेंगे

आदेश के अनुसार अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए रहेगा। विद्यालयों में कार्यरत समस्त शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक कार्मिक निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित होकर राजकीय कार्यों का संपादन करेंगे।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए बच्चों को घर पर सुरक्षित रखें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। प्रशासन द्वारा जिले में लगातार हो रही बारिश की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।

बारिश से जहां आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है। खेतों में पर्याप्त नमी होने से खरीफ फसलों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!