नगर पालिका भवानीमंडी अध्यक्ष पिंकी गुर्जर ने किया पदभार ग्रहण, बिना भेदभाव के नगर के सभी वार्डो में विकास कार्य करवाए जाएंगे



भवानी मंडी। ( जगदीश पोरवाल ) भवानी मंडी नगर पालिका अध्यक्ष पद पर पिंकी गुर्जर ने विधिवत पूजा-पाठ और अनुष्ठान के बाद गुरुवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। इस दौरान उन्होंने अपने ससुर एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष रामलाल गुर्जर का आशीर्वाद लिया। पदभार संभालते ही पालिका अध्यक्ष ने घोषणा की कि भवानी मंडी शहर के सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के समान रूप से विकास कार्य करवाए जाएंगे और नगर का विकास ही उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी।पिंकी गुर्जर नगर पालिका में दूसरी बार नगर पालिका अध्यक्ष बनी ,इससे पूर्व 2015 में नगर पालिका अध्यक्ष चुनी गई थी ।

नगर के चौमुखी विकास और महिला कल्याण पर जोर

पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष पिंकी गुर्जर ने भवानीमंडी व पचपहाड़ की जनता तथा अपने ससुर श्री रामलाल गुर्जर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगर का चौमुखी विकास करना उनकी मुख्य प्राथमिकता है और यह सभी के सहयोग से ही संभव हो पाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि पिछले बोर्ड के कार्यकाल में जो विकास कार्य अधूरे रह गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। इसके अलावा, महिलाओं की समस्याओं पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने कहा कि नई सब्जी मंडी की अव्यवस्था को सुधारा जाएगा तथा महिलाओं से जुड़ी हर समस्या के समाधान को सर्वोपरि रखा जाएगा।

51 किलो की माला से हुआ भव्य स्वागत

समारोह में गुर्जर समाज एवं उपस्थित अपार जनसमुदाय द्वारा पूर्व पालिका अध्यक्ष रामलाल गुर्जर तथा नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष पिंकी गुर्जर का 51 किलो का हार पहनाकर भव्य माल्यार्पण व स्वागत किया गया।

समारोह में उपस्थित गणमान्य जन:

कार्यक्रम में पालिका उपाध्यक्ष विनय ऑस्तोलिया, पूर्व पालिका अध्यक्ष रामलाल गुर्जर, विधायक प्रत्याशी चेतराज गहलोत, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रोड सिंह परमार, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नारायण सिंह चौहान, जोरावर सिंह चौहान, पूर्व पालिका उपाध्यक्ष अनिल मीणा, पूर्व पार्षद सुगना गुर्जर, ललित कुमावत, जेके अरोड़ा, पूर्व व्यापार महासंघ अध्यक्ष राजेश नाहर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता पुखराज जैन, और विकास जैन सहित कई नेता व नवनिर्वाचित पार्षद उपस्थित रहे।

जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश:

पूर्व पालिका अध्यक्ष रामलाल गुर्जर ने कहा कि जनता द्वारा दिए गए सेवा के अवसर पर वे पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उपाध्यक्ष विनय ऑस्तोलिया ने पालिका अधिकारियों से आग्रह किया कि आम जनता के छोटे-छोटे कार्यों को प्राथमिकता से निपटाया जाए, ताकि लोगों को बार-बार पालिका कार्यालय के चक्कर न काटने पड़ें। अंत में अधिशासी अधिकारी शंभू लाल मीणा ने हस्ताक्षर करवाकर पदभार ग्रहण की औपचारिक प्रक्रिया संपन्न करवाई। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!