युवा राजकीय शिक्षक संगोष्ठी, वृक्षारोपण एवं खेल गतिविधियों को लेकर अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की बैठक में बनी कार्ययोजना

भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवाल ) अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (खंड भवानीमंडी) की एक विशेष बैठक रामनगर स्थित नन्दुबाई शंकरलाल आदर्श विद्या मंदिर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खंड अध्यक्ष मनोहर सिंह चौहान ने की तथा मंच संचालन खंड मंत्री अनिल कुमार जोगी द्वारा किया गया।

​मीडिया प्रभारी सुनील कुमार राठौर ने बताया कि बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों एवं विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला पंचायत शिक्षक प्रतिनिधि नारायणसिंह ने जानकारी दी कि इस वर्ष संगठन में चुनाव प्रक्रिया को समाप्त कर दिया गया है। जिला इकाई द्वारा इसी माह खंड कार्यकारिणी का मनोनयन किया जाएगा।

बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय एवं कार्ययोजना:

  • युवा राजकीय शिक्षक संगोष्ठी (16 अगस्त): बंबोरी बालाजी स्थान पर युवा राजकीय शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इसमें 18 से 35 वर्ष की आयु वर्ग के सरकारी क्षेत्र में कार्यरत युवा महिला एवं पुरुष कर्मचारियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं द्वारा व्यापक संपर्क अभियान चलाया जाएगा।
  • वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान: संगठन के बैनर तले शीघ्र ही वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। केवल पौधे लगाने तक ही सीमित न रहकर, पौधों के पूर्ण वृक्ष बनने तक उनके संरक्षण और सार-संभाल की जिम्मेदारी भी संगठन के सदस्य उठाएंगे।
  • राष्ट्रीय खेल दिवस (29 अगस्त): मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन किया जाएगा, जिसके तहत विभिन्न खेल गतिविधियों की कार्ययोजना तैयार की गई है।
  • क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा (6 सितंबर): विद्यार्थियों में खेल भावना और ज्ञान बढ़ाने के उद्देश्य से 6 सितंबर को क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें अधिकाधिक विद्यार्थियों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है।

​बैठक में प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य एवं क्रीड़ा भारती से जुड़े ओम प्रकाश शर्मा, महिला मंत्री राजकुमारी मेघवाल, राजेश कुमार पुरोहित, अमित कुमार अग्रवाल, किशन सिंह चौहान, पुरुषोत्तम गुप्ता, गोविंद टेलर, वीरेंद्र कश्यप, बंकट बिहारी, राजेंद्र शर्मा, लोकेश कुमार मेघवाल, रामलाल मेघवाल, दिनेश कुमार सोनी, बृजेश चौधरी, शिवराज नागर, मुकेश कुमार तथा रंगलाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

​बैठक के समापन पर उपस्थित सभी शिक्षक साथियों ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने और शिक्षा, खेल, पर्यावरण व युवा शक्ति के संवर्धन में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!