त
भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवाल )
श्रद्धा और अटूट आस्था के आगे तेज बारिश भी नतमस्तक नजर आई। सावन के दूसरे सोमवार को भवानीमंडी में मूसलाधार बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा। श्री भवानीश्वर शिवालय मंदिर विकास ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित भ कांवड़ यात्रा में भक्तगण बारिश में भीगते हुए, डीजे की थाप पर भजनों पर नाचते-गाते और शिव भक्ति में लीन होकर आगे बढ़ते रहे।
सोमवार प्रातः 10:00 बजे मैला मैदान स्थित कालका माता मंदिर से कांवड़ एवं कलश पूजन के साथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ हुआ। यात्रा कालका मंदिर से प्रारंभ होकर टगर चौराहा, स्टेशन तिराहा, शीला हॉस्पिटल, सिंधी मोहल्ला, पंचायत समिति, गर्ल्स स्कूल चौराहा, नई सब्जी मंडी, मोटर मार्केट एवं पुनः कालका माता मंदिर होते हुए श्री भवानीश्वर शिवालय मंदिर पहुंची। वहाँ देवाधिदेव महादेव का जलाभिषेक किया गया तथा प्रसादी वितरण के साथ यात्रा का समापन हुआ।
ट्रस्ट के अध्यक्ष हरीश योगी ने बताया कि कांवड़ यात्रा में ट्रस्ट के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों, कार्यकर्ताओं, शिव भक्तों और महिला मंडल की मातृ शक्तियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। महिला मंडल और सभी श्रद्धालु अपने-अपने घरों से कांवड़ (कलश) सजाकर लाए थे। पूरी यात्रा के दौरान शहर का माहौल शिवमय बना रहा और श्रद्धालुओं ने भक्ति के साथ-साथ बारिश का भी भरपूर आनंद लिया।


