कोटा रेल मंडल: 82 स्टेशनों पर पेयजल गुणवत्ता जांच अभियान, सभी 75 वाटर सैंपल मानक जांच में पास

389 पानी की टंकियों और 246 वाटर बूथों की सफाई; रेल यात्रियों को मिलेगा स्वच्छ जल

कोटा। ( जगदीश पोरवाल )पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने रेल यात्रियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक विशेष स्वच्छता एवं गुणवत्ता निगरानी अभियान चलाया। इस दौरान मंडल के 82 रेलवे स्टेशनों पर पानी की टंकियों, नलों, वाटर बूथों और पाइपलाइन नेटवर्क का व्यापक निरीक्षण और रख-रखाव किया गया।

​वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि यात्रियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 389 पानी की टंकियों की सफाई की गई तथा 246 नलों व वाटर बूथों को स्वच्छ किया गया। इसके अलावा, पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 41 स्थानों पर पाइपलाइन की मरम्मत और आवश्यक बदलाव किए गए।

गुणवत्ता जांच में पास हुए सभी नमूने

पेयजल की शुद्धता जांचने के लिए विभिन्न स्टेशनों से 75 पानी के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला में भेजे गए थे। जांच रिपोर्ट के अनुसार, सभी 75 सैंपल निर्धारित मानकों पर पूरी तरह खरे उतरे हैं।

​इस अभियान के दौरान 90 कर्मचारियों के कार्यबल और विशेष ड्राइव के जरिए सफाई व गुणवत्ता निगरानी का काम पूरा किया गया। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्टेशनों पर यात्रियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए यह निगरानी और रख-रखाव प्रक्रिया भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!