24 अक्टूबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा मतदान, मतदान समाप्ति के तुरंत बाद होगी मतगणना
नामांकन प्रक्रिया पूर्ण, 25 अक्टूबर को होगा उप सरपंच पद का निर्वाचन
भवानीमंडी। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत भवानीमंडी पंचायत समिति क्षेत्र में सरपंच पद के निर्वाचन के लिए नामांकन प्रक्रिया पूर्ण हो गई है। संवीक्षा एवं नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद क्षेत्र की 29 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 166 प्रत्याशी चुनाव मैदान में शेष रहे हैं। इन ग्राम पंचायतों में शनिवार, 24 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ के अनुसार भवानीमंडी पंचायत समिति में सरपंच पद के लिए कुल 287 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किए थे। संवीक्षा के बाद 280 नामांकन पत्र स्वीकृत हुए, जबकि 114 अभ्यर्थियों ने नाम वापस ले लिए। इसके बाद 29 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 166 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं।
सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान
भवानीमंडी पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 24 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित मतदान केंद्रों पर मतगणना की जाएगी। इसके बाद 25 अक्टूबर को उप सरपंच पद के निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न होगी।
निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा व्यवस्था
निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं। मतदान केंद्रों पर पुलिस जाप्ता तैनात रहेगा। जिले में नियुक्त 9 एरिया मजिस्ट्रेट एवं 64 जोनल मजिस्ट्रेट को अपने निर्धारित क्षेत्रों में निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मतदान समाप्ति तक सूखा दिवस
पंचायती राज चुनाव के प्रथम चरण के तहत भवानीमंडी पंचायत समिति के संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों एवं उनके 5 किलोमीटर की परिधि में 24 अक्टूबर को मतगणना समाप्ति तक सूखा दिवस घोषित किया गया है। इस दौरान संबंधित आदेशों एवं निर्वाचन नियमों की पालना सुनिश्चित की जाएगी।
श्रमिकों को मिलेगा सवैतनिक अवकाश
वीबी-जी राम जी योजना में नियोजित श्रमिकों को उनके संबंधित चुनाव चरण के मतदान दिवस पर नियमानुसार सवैतनिक अवकाश देय होगा। प्रशासन ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है।
