भ
भवानीमंडी ( जगदीश पोरवाल )
भारत विकास परिषद द्वारा धर्मचंद गोटावाला परिवार के सौजन्य से आगामी 25 अक्टूबर (रविवार) को भवानीमंडी में विशाल निःशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया जाएगा।
परिषद के शाखा अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता, सचिव संदीप राठौर तथा नेत्रदान प्रभारी कमलेश गुप्ता (दलाल) ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन परिषद द्वारा हर महीने आयोजित की जाने वाली नेत्र चिकित्सा शिविर श्रृंखला का 148वां शिविर होगा, जो कि सीताराम धर्मशाला में आयोजित किया जाएगा।
फैको पद्धति से होंगे मोतियाबिंद के ऑपरेशन
शिविर में आए मरीजों की जांच के उपरांत मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित मरीजों को भारत विकास परिषद चिकित्सालय, कोटा ले जाया जाएगा। वहां अनुभवी एवं दक्ष नेत्र चिकित्सकों द्वारा अत्याधुनिक ‘फैको पद्धति’ (IOL) से मोतियाबिंद का सफल ऑपरेशन किया जाएगा।
मरीजों के लिए समस्त सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क
नेत्र चिकित्सा प्रभारी महेश शर्मा, उमाशंकर पोरवाल एवं मनमोहन जायसवाल ने बताया कि चयनित मरीजों के लिए कैटरेक्ट (मोतियाबिंद) ऑपरेशन, लेंस रोपण, दवाइयां, भवानीमंडी से कोटा आने-जाने के लिए बस सुविधा, भोजन तथा वहां ठहरने की व्यवस्था परिषद और गोटावाला परिवार की ओर से पूरी तरह निःशुल्क रहेगी।
14 वर्षों में 10 हजार से अधिक निःशुल्क ऑपरेशन का कीर्तिमान
परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि भारत विकास परिषद पिछले 14 वर्षों से जनसेवा के इस कार्य में निरंतर समर्पित है। अब तक आयोजित 147 शिविरों के माध्यम से कुल 32,683 मरीजों की आंखों की जांच की जा चुकी है, वहीं रिकॉर्ड 10,070 मरीजों के मोतियाबिंद का सफलतापूर्वक निःशुल्क ऑपरेशन कराया जा चुका है।
नवंबर माह के शिविर की तिथि घोषित
शाखा संरक्षक गोविंद भराड़िया ने बताया कि भवानीमंडी में इस शिविर श्रृंखला का अगला (नवंबर महीने का) शिविर 29 नवंबर 2026 (रविवार) को आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्र के अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों से इस निःशुल्क नेत्र शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।
