सेवा संकल्प कार्यक्रम: मालीपुरा स्कूल में बच्चों ने बिखेरा प्रतिभा का जलवा, चित्रकला में विशाखा प्रथम

भैंसोंदा । मध्य प्रदेश शासन के शिक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प कार्यक्रम’ के तहत शासकीय माध्यमिक विद्यालय, मालीपुरा में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पार्षद मनोहर सैनी उपस्थित रहे।

​कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की प्रतिभा को उभारने के उद्देश्य से चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। बच्चों ने रंगों और शब्दों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

​प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा करते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक विमल डांगी ने बताया कि कक्षा 7वीं की छात्रा विशाखा (पुत्री बालाराम) ने चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। विशाखा को विद्यालय परिवार एवं अतिथियों द्वारा प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

​प्रधानाध्यापक डांगी ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों का मुख्य ध्येय विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अभिव्यक्ति की क्षमता और सामाजिक जागरूकता की भावना को विकसित करना है। कार्यक्रम के समापन पर पार्षद मनोहर सैनी ने भी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनके प्रयास की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!