चेतराज गहलोत बोले—गुप्त स्थान पर रखे हैं विजयी पार्षद, फिर भी घरों पर पहुंच रहे अज्ञात लोग; परिजनों से गाली-गलौज का आरोप
भवानीमंडी। नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर को होने वाले चुनाव से पहले शहर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। नगर निकाय चुनाव में 40 वार्डों में से कांग्रेस ने 26 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को 13 वार्डों में सफलता मिली। एक निर्दलीय प्रत्याशी भी विजयी हुआ, जिसने बाद में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। इसके बाद कांग्रेस के साथ 27 पार्षद होने का दावा किया जा रहा है। अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस की ओर से पिंकी गुर्जर तथा भाजपा की ओर से सुनीश दीक्षित ने नामांकन दाखिल किया है।
गुप्त स्थान पर रखे हैं पार्षद : चेतराज
डग विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे चेतराज गहलोत ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के विजयी पार्षदों को पार्टी की ओर से गुप्त स्थान पर रखा गया है। इसके बावजूद कुछ अज्ञात लोग बिना नंबर की गाड़ियों से पार्षदों के घरों तक पहुंच रहे हैं और उनके परिजनों को डराने-धमकाने के साथ गाली-गलौज कर रहे हैं।
गहलोत ने कहा कि इस संबंध में उनके पास भी फोन आया था। उन्होंने आरोप लगाया कि फोन पर उन्हें धमकियां दी गईं और गाली-गलौज की गई। उनका कहना है कि इस तरह का माहौल लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए उचित नहीं है।
जनता ने जो जनादेश दिया है उसे स्वीकार करना चाहिए
चेतराज गहलोत ने भाजपा पर सत्ता के बल पर पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता ने जो जनादेश दिया है, उसे स्वीकार किया जाना चाहिए और पार्षदों को बिना किसी दबाव के अपने मत का प्रयोग करने दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष का चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत होना है और इसमें किसी भी प्रकार का भय या दबाव नहीं होना चाहिए।
21 सितंबर को होगा अध्यक्ष का चुनाव
भवानीमंडी नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर को मतदान होगा, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव 22 सितंबर को प्रस्तावित है। अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। ऐसे में चुनाव से ठीक पहले लगाए जा रहे धमकी और दबाव के आरोपों से राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है।
