ईमानदारी की मिसाल: मुंबई-जयपुर एक्सप्रेस में छूटी 2 लाख रुपये की सोने की चेन महिला यात्री को वापस मिली

कोटा। ( जगदीश पोरवाल ) पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में टिकट चेकिंग स्टाफ की ईमानदारी और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की तत्परता से एक महिला यात्री की गुम हुई सोने की चेन सुरक्षित वापस लौटाई गई। ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत की गई इस कार्रवाई से रेलवे ने एक बार फिर यात्रियों के भरोसे को मजबूत किया है।

क्या है पूरा मामला?

गाड़ी संख्या 12955 मुंबई-जयपुर एक्सप्रेस के कोच B-4 में ड्यूटी पर तैनात टीटीई गणेश सिंह को बर्थ संख्या 17-18 के पास करीब 2 लाख रुपये मूल्य की एक सोने की चेन लावारिस हालत में मिली। टीटीई ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए चेन को अपने कब्जे में लिया और पीएनआर (PNR) विवरण के माध्यम से संबंधित यात्री की खोज शुरू की।

PNR से हुई यात्री की पहचान

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि पीएनआर से जानकारी जुटाकर यात्री श्रीमती मेघा प्रवीण जैन से संपर्क किया गया। वह मुंबई सेंट्रल से विक्रमगढ़ आलोट तक की यात्रा कर रही थीं और स्टेशन पर उतर चुकी थीं। फोन पर संपर्क करने पर उन्होंने चेन के गुम होने की पुष्टि की।

नियमानुसार लौटाई गई संपत्ति

टीटीई गणेश सिंह ने सोने की चेन को लिखित ब्योरे के साथ कोटा आरपीएफ पोस्ट के सहायक उप निरीक्षक (ASI) हरिओम सिंह को सौंप दिया। इसके बाद, यात्री की सहमति और आवश्यक पहचान एवं सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद चेन उनके परिचित राकेश जैन को नियमानुसार सुपुर्द कर दी गई।

​रेलवे प्रशासन ने टीटीई गणेश सिंह और आरपीएफ टीम के इस समन्वित प्रयास और ईमानदारी की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!