अवैध भंडारण पर कृषि विभाग की कार्रवाई,1000 बैग डीएपी एवं 500 बैग पोटाश जब्त, 11 उर्वरकों के नमूने जांच के लिए भेजे

अवैध भंडारण पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई

1000 बैग डीएपी एवं 500 बैग पोटाश जब्त, 11 उर्वरकों के नमूने जांच के लिए भेजे

झालावाड़, 17 सितम्बर। जिले में किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उर्वरकों की बिक्री एवं वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को सिखवाल कृषि सेवा केन्द्र, दईखेड़ा, खानपुर का आकस्मिक निरीक्षण कर अवैध रूप से भंडारित लगभग 1000 बैग डीएपी एवं 500 बैग पोटाश जब्त किए गए।

संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार), जिला परिषद झालावाड़ डॉ. नरेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित निरीक्षण दल द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान संस्थान पर उक्त उर्वरकों के संबंध में आवश्यक दस्तावेज एवं वैधानिक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। इस पर नियमानुसार उर्वरकों को जब्त कर विभागीय अभिरक्षा में लिया गया।

11 उर्वरकों के नमूने जांच के लिए भेजे

निरीक्षण के दौरान संस्थान पर उपलब्ध अन्य उर्वरकों की गुणवत्ता की जांच के लिए विभिन्न प्रकार के 11 उर्वरकों के नमूने भी आहरित किए गए हैं। इन नमूनों को परीक्षण के लिए अधिकृत प्रयोगशाला में भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

बिल नहीं देने सहित कई अनियमितताएं मिलीं

निरीक्षण के दौरान किसानों को उर्वरक विक्रय के समय बिल जारी नहीं करना, मूल्य सूची एवं स्टॉक की जानकारी प्रदर्शित नहीं करना तथा उर्वरकों का लाइसेंस में उचित रूप से दर्ज नहीं होना सहित विभिन्न अनियमितताएं भी सामने आईं। इन अनियमितताओं के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है तथा नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

कालाबाजारी एवं अवैध भंडारण के विरुद्ध सघन अभियान

डॉ. नरेश कुमार शर्मा ने बताया कि किसानों के हितों की रक्षा एवं उर्वरकों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण तथा अनियमित विक्रय पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिलेभर में सघन निरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उर्वरक विक्रेताओं द्वारा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उक्त कार्रवाई कृषि अधिकारी (फसल) कार्यालय सहायक निदेशक कृषि (विस्तार), प्रेम शंकर गोचर द्वारा की जा रही है। कार्रवाई के दौरान कृषि अधिकारी चौथमल शर्मा, सहायक कृषि अधिकारी सुरेश कुमार भारद्वाज, नीरज किराड़ सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
—00—

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!