भ
भैसोदामंडी। भानपुरा थाने की भैसोदामण्डी पुलिस की टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए राजस्थान के दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 16 लाख रुपये मूल्य की 160 ग्राम एमडी (अफीम), 13 हजार रुपये मूल्य का 6 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा, एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल और दो एंड्रॉइड मोबाइल जब्त किए हैं।
मंदसौर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशों, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामसनेही मिश्रा और एसडीओपी विजय कुमार यादव (गरोठ) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विनय बुन्देला व उनकी टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
मुखबर की सूचना पर हुई कार्रवाई
चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेश यादव ने बताया कि 15 सितंबर को मिली सटीक मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस चौकी भैसोदामण्डी की टीम ने सोनू चाय की दुकान (आम रोड तिराहा) के पास घेराबंदी की। मौके से आरोपी सुरेन्द्र सिंह (23) पिता महिपाल सिंह, निवासी ग्राम सरवर, थाना उनहेल नागेश्वर (जिला झालावाड़, राजस्थान) को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से अवैध एमडी, डोडाचूरा और बिना नंबर की हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल जब्त की गई।
पूछताछ में सामने आया साथी का नाम
मामले में धारा 8/15, 22, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जब आरोपी से पूछताछ की गई, तो उसके साथी संजीव कुमार (28) पिता बाबूलाल व्यास, निवासी जेताखेड़ी, थाना गंगधार (राजस्थान) की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
जब्त सामग्री की सूची
अवैध मादक पदार्थ: 160 ग्राम एमडी (कीमत ₹16 लाख) एवं 6.8 किलो डोडाचूरा (कीमत ₹13,000)।
वाहन व मोबाइल: एक बिना नंबर की स्पलेंडर बाइक (कीमत ₹70,000) और दोनों आरोपियों के एंड्रॉइड फोन।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी विनय बुन्देला, चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेश यादव एवं उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।
