भवानीमंडी नगरपालिका अध्यक्ष पद का मुकाबला: भाजपा से सुनीश दीक्षित और कांग्रेस से पिंकी गुर्जर ने दाखिल किया नामांकन

भवानीमंडी नगरपालिका अध्यक्ष पद का मुकाबला: भाजपा से सुनीश दीक्षित और कांग्रेस से पिंकी गुर्जर ने दाखिल किया नामांकन

भवानीमंडी। स्थानीय नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 16 सितंबर को नामांकन के अंतिम दिन कुल तीन पर्चे दाखिल किए गए, जिनमें भाजपा से सुनीश दीक्षित तथा कांग्रेस से पूर्व पालिका अध्यक्ष पिंकी गुर्जर और उनके पति राजेश गुर्जर का नामांकन शामिल है।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने निकाला पैदल मार्च

सर्वप्रथम भाजपा प्रत्याशी सुनीश दीक्षित ने वरिष्ठ नेता मानसिंह चौहान के निवास स्थान से नगर पालिका कार्यालय तक कार्यकर्ताओं के साथ पैदल मार्च निकाला। इस दौरान दिनेश जैन, कमलेश चतुर्वेदी, विनय पोरवाल, प्रदीप जैन और रंजीता पांडे सहित कई प्रमुख नेता व कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए पालिका पहुंचे और सुनीश दीक्षित का नामांकन दाखिल करवाया।

कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन और बाउंसरों का घेरा

दोपहर लगभग 1 बजे कांग्रेस की ओर से पिंकी गुर्जर ने पूरे उत्साह के साथ अपना नामांकन पत्र जमा किया। नामांकन के दौरान नगर कांग्रेस अध्यक्ष विनय आस्तोलिया, विधानसभा प्रत्याशी चेतराज गहलोत, निवर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष कैलाश बोहरा, पुखराज जैन और जोरावर सिंह ,हरीश राठौर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान पिंकी गुर्जर के साथ मौजूद महिला व पुरुष बाउंसर आकर्षण का केंद्र रहे।

‘विकास कार्यों पर मिली है जीत’: कैलाश बोहरा

निवर्तमान पालिका अध्यक्ष कैलाश बोहरा ने कहा कि जनता ने 5 वर्षों के विकास कार्यों पर मुहर लगाते हुए कांग्रेस को 40 में से 26 सीटों पर स्पष्ट बहुमत दिया है। बोहरा ने दावा किया कि उनके कार्यकाल में नगर में 60 करोड़ रुपये के विकास कार्य हुए और पट्टा वितरण में भवानीमंडी पूरे राजस्थान में दूसरे स्थान पर रही।

चुनाव कार्यक्रम की स्थिति

रिटर्निंग अधिकारी अब्दुल हफिज एवं अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी विनीत जैन के अनुसार चुनाव का विस्तृत कार्यक्रम इस प्रकार है:

  • 17 सितंबर: नामांकन पत्रों की जांच
  • 18 सितंबर: नाम वापसी की अंतिम तिथि
  • 21 सितंबर: नगरपालिका अध्यक्ष पद का चुनाव और परिणाम
  • 22 सितंबर: उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन, मतदान और परिणाम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!