भवानीमंडी नगरपालिका अध्यक्ष चुनाव का कार्यक्रम जारी15-16 सितंबर को नामांकन, 17 को जांच और 18 को नाम वापसी; मुकाबला हुआ तो 21 सितंबर को होगा मतदान

भवानीमंडी। (जगदीश पोरवाल)
भवानीमंडी नगरपालिका बोर्ड के अध्यक्ष पद के निर्वाचन को लेकर रिटर्निंग अधिकारी अब्दुल हफीज ने मंगलवार को लोक सूचना जारी कर दी। अध्यक्ष पद सामान्य वर्ग के लिए निर्धारित है। जारी कार्यक्रम के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया 15 सितंबर से शुरू होगी।

लोक सूचना के अनुसार 15 व 16 सितंबर 2026 को अपश्चात किसी भी दिन सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक अभ्यर्थी अथवा उसका प्रस्तावक नामांकन-पत्र रिटर्निंग अधिकारी या सहायक रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय, नगरपालिका भवानीमंडी में प्रस्तुत कर सकेगा। नामांकन-पत्र निर्धारित स्थान और समय में प्राप्त किए जाएंगे।

नामांकन-पत्रों की संवीक्षा 17 सितंबर को सुबह 11 बजे नगरपालिका कार्यालय में होगी। इसके बाद अभ्यर्थिता वापस लेने के लिए 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। जेल या पुलिस अभिरक्षा में रहने वाले अभ्यर्थी के लिए अधिकृत व्यक्ति के माध्यम से अभ्यर्थिता वापसी की व्यवस्था भी लोक सूचना में दी गई है।

मुकाबला हुआ तो 21 सितंबर को होगा मतदान

यदि अध्यक्ष पद के लिए एक से अधिक प्रत्याशी मैदान में रहते हैं और निर्वाचन आवश्यक होता है, तो 21 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नगरपालिका में आयोजित निर्वाचित सदस्यों की बैठक में मतदान कराया जाएगा।

परिणाम के बाद अध्यक्ष पद पर बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी

नगरपालिका चुनाव में कांग्रेस को 26 और भाजपा को 13 वार्डों में जीत मिली है, जबकि एक वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी विजयी हुआ है। अब निर्वाचित पार्षदों के माध्यम से अध्यक्ष का चुनाव होना है। ऐसे में दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ना तय माना जा रहा है। नामांकन, नाम वापसी और इसके बाद होने वाले मतदान से अध्यक्ष पद की तस्वीर स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!