रेलवे सुरक्षा बल की त्वरित कार्रवाई: ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत यात्रियों को लौटाया छूटा मोबाइल और ट्रॉली बैग

कोटा। ( जगदीश पोरवाल ) रेल यात्रा के दौरान छूटा सामान सुरक्षित वापस मिलना यात्रियों के लिए बड़ी राहत बनकर आया। कोटा मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने तत्परता दिखाते हुए दो अलग-अलग मामलों में ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत एक सैमसंग मोबाइल और एक ट्रॉली बैग बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया।

पहला मामला: रामगंज मंडी में बरामद हुआ 8 हजार का मोबाइल

जयपुर से कोटा की यात्रा कर रहे कोटा निवासी अख्तर अली (गाड़ी सं. 12956) का सैमसंग गैलेक्सी A-10 मोबाइल सामान्य कोच में छूट गया था। ‘रेल मदद’ ऐप पर शिकायत दर्ज होते ही आरपीएफ आरक्षक विष्णुप्रसाद त्रिवेदी ने ट्रेन के रामगंज मंडी स्टेशन पहुंचते ही कोच को अटेंड किया और मोबाइल सुरक्षित बरामद कर लिया। बाद में आवश्यक टिकट व पहचान दस्तावेज प्रस्तुत करने पर यात्री को उनका मोबाइल सुपुर्द कर दिया गया।

दूसरा मामला: सवाई माधोपुर में मिला कपड़ों व जूतों से भरा बैग

गाड़ी संख्या 22444 के कोच M-3 (बर्थ सं. 58) में एक यात्री अपना ट्रॉली बैग भूल गए थे। रेल मदद से सूचना मिलते ही सवाई माधोपुर स्टेशन पर आरपीएफ प्रधान आरक्षक रमेश चंद गुर्जर ने कोच की जांच कर बैग बरामद किया। बाद में यात्री के परिजन आनंद वानखेड़े (निवासी-देवास, MP) ने आरपीएफ पोस्ट पहुंचकर पहचान पत्र और टिकट दिखाकर बैग प्राप्त किया। बैग में लगभग 3 हजार रुपये मूल्य के कपड़े व जूते थे, जिसे सहायक उप निरीक्षक शेर सिंह मीणा की मौजूदगी में सौंपा गया।

रेल प्रशासन की अपील

रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों के छूटे सामान को सही सलामत पहुंचाने के लिए लगातार ‘ऑपरेशन अमानत’ चला रहा है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान का ध्यान रखें और कोई भी वस्तु छूटने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 139 या ‘रेल मदद’ पर सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!