लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए राजस्थान टेक्स्टाइल मिल्स की अनूठी पहल: मतदान करने वाले श्रमिकों का निकाला लकी ड्रा, विजेता हुए सम्मानित

भवानीमंडी (जगदीश पोरवाल )

स्थानीय राजस्थान टेक्स्टाइल मिल्स (RTM) ने नगर पालिका चुनाव में श्रमिकों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने और उन्हें मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक अनुकरणीय पहल की है। 9 सितंबर को हुए मतदान में मिल के श्रमिकों द्वारा उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग करने के बाद, आज 11 सितंबर को दोपहर 3:00 बजे मिल परिसर में एक विशेष ‘मतदान प्रोत्साहन लकी ड्रा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।

​श्रमिकों की भारी उपस्थिति में पूरी पारदर्शिता के साथ निकले गए इस लकी ड्रा में:

  • प्रथम पुरस्कार: सुश्री सोनू
  • द्वितीय पुरस्कार: श्री मगु सिंह
  • तृतीय पुरस्कार: श्री प्रेम चंद

​कंपनी के कार्यकारी अध्यक्ष श्री रोहित अरोड़ा, कार्यकारी उपाध्यक्ष (तकनीकी) श्री संजीव सिंह एवं उपाध्यक्ष श्री विनोद त्रिवेदी ने सभी भाग्यशाली विजेताओं को पुरस्कार भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

​कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यकारी अध्यक्ष श्री रोहित अरोड़ा ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत नागरिक के वोट में निहित है। उन्होंने मतदान को न केवल एक अधिकार, बल्कि राष्ट्रीय कर्तव्य बताते हुए श्रमिकों को भविष्य में भी हर चुनाव में अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान मिल के अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।

सराहनीय और प्रेरणादायक प्रयास

औद्योगिक इकाइयों द्वारा अपने कर्मचारियों को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ने और मतदान के प्रति उत्साहित करने का राजस्थान टेक्स्टाइल मिल्स का यह प्रयास अत्यंत प्रशंसनीय है। कार्यस्थल पर इस प्रकार के नवाचार न केवल श्रमिकों का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में नागरिक दायित्वों के प्रति एक सकारात्मक संदेश भी प्रसारित करते हैं। अन्य औद्योगिक संस्थानों के लिए भी RTM की यह पहल एक अनुकरणीय उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!