कोटा मंडल के अधिकारियों से बोले दिलीप कुमार सिंह- काम व्यक्ति आधारित नहीं, मजबूत सिस्टम पर हो; प्रबंधन विकास कार्यक्रम में 40 प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र
कोटा। ( जगदीश पोरवाल ) रेलवे में काम करने का तरीका बदल रहा है। अब सिर्फ मेहनत नहीं, बल्कि नवाचार, गुणवत्ता और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से काम को ज्यादा प्रभावी और परिणाम देने वाला बनाना होगा। पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री दिलीप कुमार सिंह ने शुक्रवार को कोटा मंडल के अधिकारियों से संवाद के दौरान यह बात कही।
महाप्रबंधक ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में शाखा अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विभागों में किए जा रहे नवाचारों और तकनीकी सुधारों की जानकारी ली। अधिकारियों ने अपने विभागों की नई कार्यप्रणालियों और तकनीकी प्रयोगों का प्रस्तुतीकरण दिया। महाप्रबंधक ने कहा कि नवाचार को किसी एक प्रोजेक्ट तक सीमित रखने के बजाय उसे रोजमर्रा की कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और सूचना प्रौद्योगिकी का बेहतर उपयोग रेलवे की कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। कार्य व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जो किसी एक व्यक्ति पर निर्भर न रहे, बल्कि मजबूत और प्रभावी सिस्टम के आधार पर संचालित हो। उन्होंने गुणवत्ता और संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
40 अधिकारियों ने लिया प्रबंधन का प्रशिक्षण
अधिकारी क्लब में आयोजित पश्चिम मध्य रेलवे के पांच दिवसीय प्रबंधन विकास कार्यक्रम का भी समापन हुआ। इसमें जबलपुर से 17, भोपाल से 12 और कोटा से 11 सहित कुल 40 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण में नेतृत्व क्षमता, प्रबंधन कौशल, एआई, आधुनिक तकनीक और कार्यस्थल पर बेहतर प्रबंधन जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
समापन समारोह में महाप्रबंधक ने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के अनुभव साझा किए और सभी को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग, कार्यों के अनुकूलन तथा मशीनों और तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि कार्य से जुड़ी सूचनाओं और आंकड़ों का सुव्यवस्थित एवं केंद्रीकृत संग्रह होना चाहिए, ताकि जरूरत के समय सही जानकारी उपलब्ध हो और निर्णय तेजी से लिए जा सकें।
समारोह में मंडल रेल प्रबंधक कोटा श्री अनिल कालरा, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक श्री नीरज कुमार, प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री मनोज गुरुमुखी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। संचालन उप महाप्रबंधक श्री मनीष कुमार पटेल ने किया।


