निकाय चुनाव 2026: भवानीमंडी व पचपहाड़ क्षेत्र के मतदान केंद्रों का कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण



भवानीमंडी 07 सितम्बर। ( जगदीश पोरवाल ) नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अजय सिंह राठौड़ तथा पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने सोमवार को नगर पालिका भवानीमंडी तथा पचपहाड़ क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील, अतिसंवेदनशील एवं सामान्य मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर चुनावी व्यवस्थाओं एवं कानून व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं मतदाताओं की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केन्द्रों पर निर्विघ्न, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने, मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो इसके लिए पर्याप्त पुलिस जाब्ता एवं आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हेल्प डेस्क स्थापित करने के दिए निर्देश है

रिटर्निंग अधिकारी एव उपखंड अधिकारी भवानीमंडी पूजा मीणा को सभी मतदान केन्द्रों पर हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि मतदान के लिए आने वाले मतदाताओं को आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन आसानी से उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि हेल्प डेस्क पर कार्मिकों की नियुक्ति कर उन्हें मतदान प्रक्रिया, केन्द्र की जानकारी एवं मतदाताओं की सहायता से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

मतदाताओं की सुविधाओं का रखें विशेष ध्यान

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केन्द्रों पर स्वच्छ पेयजल, छाया, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था, शौचालय एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैम्प सहित आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्र पर आने वाले प्रत्येक मतदाता को सुगम एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

मतदान केंद्र पर प्रवेश और निकासी कि समुचित व्यवस्था की जाए

उन्होंने दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने तथा आवश्यकतानुसार व्हीलचेयर एवं अन्य सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही मतदान केन्द्रों पर प्रवेश एवं निकास की समुचित व्यवस्था, कतार प्रबंधन तथा मतदान केन्द्र परिसर में अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने देने के लिए भी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदान केन्द्रों पर सभी आवश्यक निर्वाचन सामग्री एवं व्यवस्थाओं की पूर्व में ही जांच कर ली जाए, ताकि मतदान दिवस पर किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने मतदान केन्द्रों तक पहुंचने वाले मार्गों, पार्किंग व्यवस्था तथा मतदाताओं के लिए दिशा-सूचक संकेतक आदि की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को दिए निर्देश

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कार्मिकों को मतदान दिवस पर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मतदान केन्द्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात करने, भीड़ एवं यातायात प्रबंधन के लिए आवश्यक व्यवस्था करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रयास पर सतर्कता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बिडला कॉलेज में ईवीएम स्ट्रॉंग रूम एवं मतगणना स्थल का लिया जायजा

इसके पश्चात जिला निर्वाचन अधिकारी अजय सिंह राठौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बिड़ला महाविद्यालय पहुंचकर ईवीएम स्ट्रॉंग रूम एवं मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्ट्रॉंग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सुरक्षा घेरे सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को ईवीएम की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने, स्ट्रॉंग रूम की निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य निगरानी व्यवस्थाओं को निरंतर क्रियाशील रखने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!