- प्रशिक्षण बैठक में अजय सिंह राठौड़ ने दिए मतदान केंद्रों का गहन निरीक्षण करने के निर्देश
- मॉक पोल, आचार संहिता और ईवीएम की तकनीकी समस्याओं के तुरंत समाधान पर दिया बल
झालावाड़। नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को मिनी सचिवालय सभागार में जोनल मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अजय सिंह राठौड़ ने अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया में सजगता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जोनल मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी जिला निर्वाचन अधिकारी तथा रिटर्निंग अधिकारियों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का समय रहते गहन निरीक्षण करने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान दिवस पर किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए तथा संभावित समस्याओं का पूर्व आंकलन कर निराकरण की कार्ययोजना तैयार रखी जाए।
विशेष रूप से मॉक पोल और प्रारम्भिक मतदान प्रक्रिया पर सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि ईवीएम की तकनीकी समस्या, मतदाता सूची की विसंगतियों या मतदान दल से जुड़ी आकस्मिक परिस्थितियों का नियमानुसार तुरंत समाधान किया जाए। आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी अधिकारियों के दूरभाष नंबरों की सूची पास रखने और आदर्श आचार संहिता की सख्ती से पालना कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी रामचन्द्र खटीक सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
स
निकाय चुनाव: ईवीएम सुरक्षा और सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध शराब परिवहन पर रहेगी कड़ी नजर – एसपी
- सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों और अफवाहों पर पुलिस की रहेगी पैनी निगरानी
- ईवीएम परिवहन के दौरान प्रोटोकॉल का अक्षरशः पालन करने के सख्त निर्देश
झालावाड़। नगरीय निकाय आम चुनाव के मद्देनजर आयोजित प्रशिक्षण बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था मजबूत रखने तथा ईवीएम की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सुपरवाइजर अधिकारियों को अपने जोनल मजिस्ट्रेट के साथ निरंतर संवाद और समन्वय बनाए रखने की हिदायत दी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ईवीएम को मतदान केंद्रों तक ले जाने तथा मतदान पश्चात संग्रहण स्थल तक वापस लाते समय निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया जाए। किसी भी प्रकार की घटना या कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति की सूचना तत्काल जिला मुख्यालय को दी जाए ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
राजस्थान-मध्यप्रदेश सीमा क्षेत्र का हवाला देते हुए एसपी ने निर्देश दिए कि सीमावर्ती इलाकों में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और उपयोग पर विशेष निगरानी रखी जाए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरों, अफवाहों और अनैतिक गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा उल्लंघनकर्ताओं पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा सहित पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

