क
भवानीमंडी । (जगदीश पोरवाल) बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों पर शिकंजा कसते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। मंडल के वाणिज्य विभाग की विशेष टीम ने कोटा-शामगढ़ रेलखंड पर अचानक ‘एम्बुश टिकट जांच अभियान’ चलाकर हड़कंप मचा दिया। इस दौरान कुल 7 ट्रेनों में ताबड़तोड़ चेकिंग कर 60 यात्रियों से ₹50,415 का जुर्माना वसूला गया।
यह पूरी कार्रवाई मुख्य टिकट निरीक्षक श्री भगवान दास रजक के नेतृत्व में अंजाम दी गई। जांच दल में सीटीआई अनवर हुसैन, संजय कुमार झा, अमित पाल सिंह और रामेश्वर मेहरा शामिल थे। टीम ने सरप्राइज रेड मारकर ट्रेनों में एक-एक डिब्बे को खंगाला।
कार्रवाई का लेखा-जोखा:
- बैटिकट यात्रा: 24 मामले दर्ज, ₹23,485 जुर्माना वसूला गया।
- अनियमित टिकट: 36 मामले पाए गए, ₹26,930 का जुर्माना लगाया गया।
- कुल कार्रवाई: 60 मामले, ₹50,415 कुल राजस्व वसूली।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Sr. DCM) श्री सौरभ जैन ने बताया कि रेलवे का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि यात्रियों में जागरूकता लाना है। चेकिंग के दौरान यात्रियों को ‘जन विश्वास अधिनियम’ के तहत रेलवे के संशोधित नियमों और कड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई।
रेल प्रशासन ने अपील की है कि यात्री किसी भी असुविधा और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए हमेशा उचित एवं वैध टिकट लेकर ही ट्रेन में सफर करें। मंडल द्वारा इस तरह के औचक निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।


