अ
कोटा। ( जगदीश पोरवाल ) पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल अंतर्गत अलनिया रेलवे स्टेशन की सिग्नलिंग प्रणाली को हाईटेक बनाते हुए 4 सितंबर को आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (EI) सिस्टम सफलतापूर्वक शुरू कर दिया गया। मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा के मार्गदर्शन में हुए इस आधुनिकीकरण से ट्रेनों का संचालन और अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय तथा सुचारु होगा।
अपर मंडल रेल प्रबंधक योगेश कुमार मित्तल, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता (समन्वय) राहुल जरेड़ा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विनोद कुमार मीणा तथा उप मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता सुभाष यादव की मौजूदगी में इस प्रणाली की कमीशनिंग की गई।
नई प्रणाली की प्रमुख विशेषताएं:
- डिजिटल नियंत्रण: स्टेशन के 13 पॉइंट, 30 रूट और 17 सिग्नल अब पूरी तरह इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से नियंत्रित होंगे।
- अत्याधुनिक उपकरण: स्टेशन पर 4 रनिंग लाइनें, 28 डीसी ट्रैक सर्किट, 1024 डिजिटल इनपुट क्षमता का डेटा लॉगर, अर्थ लीकेज डिटेक्टर, फ्यूज अलार्म और 300 AH बैटरी सेट की व्यवस्था की गई है।
- त्वरित निगरानी: डेटा लॉगर से सिग्नलिंग सिस्टम की 24 घंटे रियल-टाइम मॉनिटरिंग होगी, जिससे किसी भी तकनीकी खराबी का समय रहते पता लगाकर उसे ठीक किया जा सकेगा।
इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग से पॉइंट और सिग्नल के बीच सटीक समन्वय सुनिश्चित होगा, जिससे मानवीय भूल की गुंजाइश खत्म होगी और कोटा मंडल में रेल यातायात की कार्यकुशलता में बढ़ोतरी होगी।


