भवानीमंडी। (जगदीश पोरवाल) जन्माष्टमी के पर्व पर सुबह से हो रही बारिश ने मानो भवानीमंडी में “नंद के घर आनंद भयो…” कर दिया। बारिश को लेकर आमजन के बीच बनी चिंता अब धीरे-धीरे दूर होने लगी है। गुरुवार शाम से शुरू हुआ बारिश का दौर शुक्रवार शाम तक अनवरत जारी रहा। इस दौरान 24 घंटे में 86 मिमी (3.40 इंच) बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही इस वर्ष बारिश का कुल आंकड़ा 816 मिमी (32.12 इंच) पहुंच गया है।
24 घंटे में 86 मिमी बारिश
पचपहाड़ तहसील से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह 8 बजे तक 13 मिमी तथा शाम 4 बजे तक 73 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस तरह गुरुवार शाम से शुक्रवार शाम तक कुल 86 मिमी (3.40 इंच) बारिश हुई।
गुरुवार शाम से शुरू हुई बारिश रिमझिम फुहारों के साथ पूरी रात चलती रही। शुक्रवार सुबह से बारिश का सिलसिला फिर शुरू हुआ और शाम तक रुक-रुककर बारिश होती रही। आसमान में बादल छाए रहने से मौसम पूरी तरह बारिशमय बना हुआ है।
कैचमेंट एरिया में फ्लैश फ्लड की चेतावनी
इधर, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए चेतावनी जारी करते हुए बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ और झालावाड़ के कैचमेंट एरिया में कुछ स्थानों पर अचानक बाढ़ आने की संभावना जताई है। लगातार हो रही बारिश और कैचमेंट क्षेत्रों में पानी की आवक बढ़ने से नदी-नालों एवं जलस्रोतों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
बाजार में पसरा सन्नाटा
लगातार बारिश का असर भवानीमंडी के बाजारों में भी दिखाई दिया। शुक्रवार को दिनभर बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। अधिकांश बाजारों में दुकानें बंद जैसी स्थिति में नजर आईं। बारिश के चलते लोग आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकले।
किसानों के चेहरे पर राहत
बारिश का आंकड़ा लगातार बढ़ने से किसानों और आमजन में राहत का माहौल है। इस वर्ष अब तक 816 मिमी यानी 32.12 इंच बारिश दर्ज हो चुकी है। जन्माष्टमी के दिन हुई अच्छी बारिश को लोग भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर प्रकृति के आशीर्वाद के रूप में देख रहे हैं
