ब
भवानीमंडी ( जगदीश पोरवाल )
स्थानीय राजकीय बिड़ला महाविद्यालय में बुधवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई प्रथम एवं द्वितीय के संयुक्त तत्त्वावधान में तीन दिवसीय अभिविन्यास (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र का गरिमामय आयोजन किया गया। यह शिविर आगामी 5 सितंबर 2026 तक निरंतर आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं प्राध्यापकों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस दौरान दोनों इकाइयों के स्वयंसेवक, स्वयंसेविकाओं सहित महाविद्यालय के नियमित विद्यार्थी उपस्थित रहे।
व्यक्तित्व विकास और सामाजिक सरोकार का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम के कार्यक्रम अधिकारी श्री ओम प्रकाश मेघवाल ने मंच संचालन करते हुए एनएसएस के मुख्य उद्देश्यों एवं लक्ष्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. नेमीचन्द मीना ने राष्ट्रीय सेवा योजना की आगामी कार्ययोजना के बारे में जानकारी दी, वहीं वरिष्ठ संकाय सदस्य श्री आयुष गुप्ता द्वारा दो वर्षीय सेवा योजना की संपूर्ण कार्यविधि से विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।
महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. मनीष गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़कर युवा न केवल अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास कर सकते हैं, बल्कि समाज और देश के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन कर सामाजिक सरोकारों को भी निर्मित कर सकते हैं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्य एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। अंत में सभी उपस्थित जनों को जलपान कराकर आगामी दिनों के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई और प्रथम दिवस के सत्र का समापन हुआ।
