नामांकन जांच के बाद 129 प्रत्याशी मैदान में, 122 नामांकन हटे ,40 वार्डों में अब चुनावी तस्वीर साफ होने लगी, 3 सितंबर तक नाम वापसी का इंतजार

भवानीमंडी। (जगदीश पोरवाल) नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच के बाद अब चुनावी तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है। 31 अगस्त को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि तक कुल 251 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच के बाद इनमें से 129 नामांकन पत्र विधिमान्य पाए गए हैं।

सहायक रिटर्निग अधिकारी अब्दुल हफीज व अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी विनीत जैन ने बताया कि जांच के दौरान दो निर्दलीय प्रत्याशियों के नामांकन पत्र खारिज किए गए हैं, जबकि राष्ट्रीय राजनीतिक दलों से अधिकृत उम्मीदवारों की सूची प्राप्त होने के बाद 120 नामांकन पत्र हटाए गए हैं।नामांकन पत्र में गलती होने के कारण दो निर्दलीयों के नामांकन पत्र खारिज किए गए इसके बाद नगर पालिका के 40 वार्डों के लिए कुल 129 विधिमान्य नामांकन पत्र शेष रह गए हैं।

3 सितंबर को सामने आएगी अंतिम तस्वीर

अब सभी की नजरें 3 सितंबर पर टिकी हैं। इस दिन नाम वापसी की अंतिम तिथि है। नाम वापसी के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि 40 वार्डों में वास्तव में कितने प्रत्याशी चुनाव मैदान में डटे रहते हैं। कई वार्डों में राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रत्याशियों के साथ निर्दलीय और बागी प्रत्याशियों की मौजूदगी से मुकाबला रोचक होने के आसार हैं।

4 सितंबर को मिलेगा चुनाव चिन्ह

नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 4 सितंबर को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा। इसके साथ ही चुनाव प्रचार का रंग और गहराएगा तथा वार्डवार मुकाबलों की वास्तविक तस्वीर सामने आ जाएगी।

251 से 129 पर पहुंचा आंकड़ा अब 3 सितंबर को फिर बदल सकता है। लिहाजा फिलहाल चुनावी रण में कितने योद्धा टिके रहते हैं, इसका इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!