‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’: कोटा में अंतरराज्यीय शातिर चोर गिरफ्तार, 1.32 लाख का आईफोन-17 प्रो बरामद

‘ऑपरेशन य

कोटा। ( जगदीश पोरवाल ) रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत RPF और GRP कोटा की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने दिल्ली निवासी एक अंतरराज्यीय शातिर चोर मोहम्मद शब्बीर उर्फ कांचा (27) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी हुआ लगभग 1.32 लाख रुपये मूल्य का आईफोन-17 प्रो बरामद किया है।

​मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 22972 में सफर कर रहे एक यात्री का आईफोन चोरी हो गया था। इस संबंध में GRP इंदौर से जीरो एफआईआर (Zero FIR) प्राप्त होने पर GRP कोटा ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(सी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV फुटेज से हुई पहचान

कोटा रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध नजर आया। इसके आधार पर RPF और GRP की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कोटा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 से धर दबोचा। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी के पास से चोरी गया महंगा मोबाइल बरामद कर लिया गया।

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 10 मुकदमे

आईसीजेएस (ICJS) पोर्टल के रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी मोहम्मद शब्बीर के खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट सहित 10 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन GRP, नरेला, नरेला औद्योगिक क्षेत्र और मथुरा GRP के मामले शामिल हैं।

​इस पूरी कार्रवाई में RPF पोस्ट कोटा, आरपीएफ मंडलीय टीम और GRP कोटा के अधिकारियों व जवानों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी से उसके अन्य साथियों और गिरोह के नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।

नोट – समाचार के साथ दिया गया फोटो AI द्वारा बनाया गया काल्पनिक है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!