नगरीय निकाय चुनाव 2026: झालावाड़ जिले में नामांकन प्रक्रिया संपन्न, भवानीमण्डी बनी चुनावी सरगर्मी का केंद्र

​भवानीमंडी /झालावाड़। ( जगदीश पोरवाल ) राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के तहत झालावाड़ जिले की सभी आठों नगरीय निकायों में नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया सोमवार को संपन्न हो गई। अंतिम दिन जिलेभर से बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने पर्चे भरे, जिसमें भवानीमण्डी नगर पालिका में सबसे अधिक चुनावी उत्साह देखने को मिला।

​जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि जिले में कुल मिलाकर 1,029 अभ्यर्थियों द्वारा 1,082 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं।

भवानीमण्डी में रिकॉर्ड 251 नामांकन दाखिल

जिले की आठों निकायों में भवानीमण्डी नगर पालिका चुनावी सरगर्मियों के मामले में सबसे आगे रही। भवानीमण्डी में सर्वाधिक 240 अभ्यर्थियों ने अपने 251 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं, जो पूरे जिले में सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसके बाद नगर परिषद् झालावाड़ में 164 अभ्यर्थियों ने 177 पर्चे भरे।

निकायवार नामांकन का विवरण:

  • नगर पालिका भवानीमण्डी: 240 अभ्यर्थी (251 नामांकन)
  • नगर परिषद् झालावाड़: 164 अभ्यर्थी (177 नामांकन)
  • नगर पालिका झालरापाटन: 152 अभ्यर्थी (155 नामांकन)
  • नगर पालिका डग: 127 अभ्यर्थी (129 नामांकन)
  • नगर पालिका खानपुर: 126 अभ्यर्थी (127 नामांकन)
  • नगर पालिका पिड़ावा: 117 अभ्यर्थी (139 नामांकन)
  • नगर पालिका अकलेरा: 110 अभ्यर्थी (110 नामांकन)
  • नगर पालिका मनोहरथाना: 93 अभ्यर्थी (94 नामांकन)

संवीक्षा कल, दो चरणों में होगा मतदान

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 1 सितम्बर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा (जांच) होगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि 3 सितम्बर (अपराह्न 3 बजे तक) तय की गई है, जिसके बाद 4 सितम्बर को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।

​सदस्य पदों के लिए प्रथम चरण का मतदान 9 सितम्बर तथा द्वितीय चरण का मतदान 11 सितम्बर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। सभी आठों निकायों की मतगणना 14 सितम्बर को कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!