पंचायती राज चुनाव-2026 : झालावाड़ जिले में मतदान एवं मतगणना के दौरान सूखा दिवस घोषित

प

झालावाड़, 15 अक्टूबर। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) अजय सिंह राठौड़ ने पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के उद्देश्य से विभिन्न चरणों के मतदान एवं मतगणना के दौरान सूखा दिवस घोषित किया है।

जारी आदेश के अनुसार प्रथम चरण में पंचायत समिति भवानीमंडी, डग, अकलेरा एवं मनोहरथाना क्षेत्रों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों तथा उनके 5 किलोमीटर परिधीय क्षेत्र में 20 अक्टूबर 2026 को सायं 6 बजे से 22 अक्टूबर 2026 को सायं 6 बजे तक सूखा दिवस रहेगा। इसी प्रकार इन क्षेत्रों में पंच एवं सरपंच पदों के चुनाव के लिए 22 अक्टूबर 2026 को सायं 6 बजे से 24 अक्टूबर 2026 को मतगणना समाप्ति तक सूखा दिवस घोषित किया गया है।

वहीं द्वितीय चरण में पंचायत समिति झालरापाटन, पिड़ावा (सुनेल), बकानी एवं खानपुर क्षेत्रों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों तथा उनके 5 किलोमीटर परिधीय क्षेत्र में 26 अक्टूबर 2026 को सायं 6 बजे से 28 अक्टूबर 2026 को सायं 6 बजे तक सूखा दिवस रहेगा। इन क्षेत्रों में पंच एवं सरपंच पदों के चुनाव के लिए 28 अक्टूबर 2026 को सायं 6 बजे से 30 अक्टूबर 2026 को मतगणना समाप्ति तक सूखा दिवस घोषित किया गया है।

इसके अतिरिक्त जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के मतों की गणना के लिए निर्धारित दिवस 20 नवंबर 2026 को पंचायत क्षेत्रों में सूखा दिवस रहेगा। जिला मजिस्ट्रेट ने संबंधित अधिकारियों को आदेश की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
—00—

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!