भ
भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवाल )भारत विकास परिषद द्वारा भाविप चिकित्सालय कोटा के सहयोग से तथा प्रदीप गुप्ता एवं नवरत्नमल गुप्ता मेमोरियल फाउंडेशन, मुंबई के सौजन्य से स्थानीय सीताराम अग्रवाल धर्मशाला में निःशुल्क नेत्र जांच एवं शल्य चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में कुल 117 व्यक्तियों की आंखों की जांच की गई, जिनमें से 32 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चुना गया।
शिविर का शुभारंभ नेत्र चिकित्सक डॉ. नेहा जैन, डॉ. दीपेश शर्मा, प्रेरक सीताराम नवाल एवं प्रांतीय समन्वयक ओमप्रकाश चतुर्वेदी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस दौरान प्रेरक सीताराम नवाल का माल्यार्पण व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र गर्ग ने किया तथा आभार अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने व्यक्त किया।
नेत्रदान प्रभारी कमलेश गुप्ता दलाल के अनुसार, पंजीकृत मरीजों की शुगर व बीपी की प्राथमिक जांच के बाद चयनित 32 मरीजों को भोजन पैकेट देकर बस द्वारा भाविप चिकित्सालय कोटा भेजा गया है। वहां अत्याधुनिक फेको पद्धति से इनका निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन कर वापस भवानीमंडी लाया जाएगा। शिविर में आए अन्य मरीजों को दवाइयां भी निःशुल्क वितरित की गईं।
14 वर्षों में 10 हजार से अधिक निःशुल्क ऑपरेशन का कीर्तिमान
नेत्र चिकित्सा प्रभारी महेशचंद्र शर्मा, उमाशंकर पोरवाल एवं मनमोहन जायसवाल ने बताया कि बीते 14 वर्षों से लगातार जारी इस नेत्र शिविर श्रृंखला का यह 146वां कैंप था। इस पहल के तहत अब तक कुल 32,574 मरीजों की आंखों की जांच की जा चुकी है, जबकि 10,047 मरीज निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन का लाभ उठा चुके हैं।
इस अवसर पर शाखा संरक्षक धर्मचंद गोटावाला, गोविंद भराड़िया, सचिव संदीप राठौर, शिविर प्रभारी उमाशंकर पोरवाल, मनमोहन जायसवाल, डीके गुप्ता, गुरभेजसिंह छाबड़ा, श्याम चौधरी, परमजीत सिंह, प्रमोद नागोरी आदि का विशेष सहयोग रहा।

