भ
भवानीमंडी। क्षेत्र में बुधवार शाम व रात को हुई लगभग ढाई इंच (58 मिमी) मूसलाधार बारिश ने नगर पालिका के दावों की पोल खोलकर रख दी। तेज बारिश के कारण कस्बे की कई निचली बस्तियों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। पचपहाड़, नगर पालिका प के समीप और जवाहर कॉलोनी की सड़कों पर पानी बहने लगा। वहीं, नालों की समय पर सफाई न होने के चलते नालों का गंदा पानी लोगों के घरों में घुस गया, जिससे निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पचपहाड़ तहसील कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, इस सीजन में भवानीमंडी क्षेत्र में अब तक कुल 29 इंच (730 मिमी) बारिश दर्ज की जा चुकी है।
मौसम विभाग ने पहले ही झालावाड़ जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए रात में गर्जना और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी थी। मौसम विभाग का यह अनुमान सटीक साबित हुआ और देर रात तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई।
बुधवार रात की आफत के बाद गुरुवार सुबह मौसम खुशनुमा बना हुआ है। इलाके में ठंडी हवाएं चल रही हैं और फिलहाल धूप-छांव के बीच मौसम खुला है। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार दिन में भी रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना बनी हुई है।


