कोटा मंडल के यात्रियों ने रेलवन से बुक किए 2.39 लाख से अधिक टिकट, 7.57 लाख से अधिक यात्रियों ने की यात्रा

कोटा। ( जगदीश पोरवाल ) भारतीय रेलवे की डिजिटल यात्री सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया गया रेलवन ऐप कोटा मंडल के यात्रियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से जुलाई तक कोटा मंडल के यात्रियों ने रेलवन ऐप से 2,39,466 टिकट बुक किए, जिनके माध्यम से 7,57,210 यात्रियों ने रेल यात्रा की।

रेलवन ऐप से आरक्षित, अनारक्षित और प्लेटफॉर्म टिकट बुक करने के साथ पीएनआर की जानकारी, ट्रेन की लाइव स्थिति और रेलमदद जैसी जरूरी सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध हैं।

काउंटर की कतार से राहत, टिकट बुकिंग पर 3% का लाभ

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि यात्री स्टेशन पहुंचने से पहले ही मोबाइल से अनारक्षित टिकट बुक कर सकते हैं। इससे टिकट काउंटर की कतार में लगने से बचने के साथ समय की भी बचत होती है। वहीं, आर-वॉलेट से अनारक्षित टिकट बुक करने पर 3 प्रतिशत का लाभ मिलता है।

उन्होंने बताया कि रेलवन से टिकट बुकिंग में बढ़ती संख्या यह दर्शाती है कि कोटा मंडल के यात्री तेज, आसान और डिजिटल टिकटिंग व्यवस्था को तेजी से अपना रहे हैं।

टिकट से लेकर यात्रा की दूसरी सुविधाएं भी एक जगह

रेलवन ऐप पर ई-कैटरिंग, पोर्टर बुकिंग और लास्ट-माइल टैक्सी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। वहीं, रेलमदद के माध्यम से यात्री शिकायत, सहायता और सेवा संबंधी अनुरोध दर्ज कर सकते हैं।

स्टेशनों पर यात्रियों को किया जा रहा जागरूक

कोटा मंडल में रेलवन के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए स्टेशनों पर क्यूआर कोड, स्टैंडी और स्टिकर लगाए गए हैं। डिजिटल स्क्रीन, वीडियो वॉल और उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से भी यात्रियों को ऐप की सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है। आवश्यकता होने पर टिकट खिड़कियों के पास रेलवे स्टाफ यात्रियों को ऐप डाउनलोड करने और टिकट बुक करने में सहयोग कर रहा है।

कोटा मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे अनारक्षित टिकट के लिए काउंटर की कतार से बचने, समय की बचत करने और आर-वॉलेट से टिकट बुकिंग पर 3 प्रतिशत के लाभ के लिए रेलवन ऐप का अधिकाधिक उपयोग करें।

रेलवन—रेल यात्रा से जुड़ी जरूरी सेवाएं, अब आपके मोबाइल पर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!