क
कोटा मंडल में ई-कैटरिंग सेवा होगी और आसान, स्विगी के साथ करार
कोटा, 25 अगस्त। ( जगदीश पोरवाल ) ट्रेन यात्रा के दौरान पसंदीदा रेस्टोरेंट से खाना मंगवाना अब और आसान होगा। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने ई-कैटरिंग सेवा को सुविधाजनक और समयबद्ध बनाने के लिए एक नई पहल शुरू की है। इसके तहत कोटा जंक्शन और सवाई माधोपुर जंक्शन पर फूड एग्रीगेटर कंपनी स्विगी के साथ अनुबंध कर ‘ड्रॉप-ऑफ फूड एग्रीगेटर कियोस्क’ स्थापित किए जा रहे हैं। भारतीय रेल में इस तरह की व्यवस्था लागू करने वाला कोटा मंडल देश का पहला मंडल बन गया है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि अब तक फूड एग्रीगेटर कंपनियों को प्लेटफॉर्म पर प्रवेश न मिलने और डिलीवरी में तालमेल की कमी के चलते यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। नई व्यवस्था के तहत स्थापित कियोस्क अधिकृत ‘फुलफिलमेंट पॉइंट’ के रूप में काम करेंगे, जिससे ऑर्डर की अंतिम चरण की डिलीवरी व्यवस्थित होगी। स्पष्ट किया गया कि इन कियोस्क पर भोजन का निर्माण या विक्रय नहीं होगा, बल्कि इनका उपयोग सिर्फ डिलीवरी को सुव्यवस्थित करने के लिए किया जाएगा।
स्विगी ऐप के जरिए ट्रेन में बैठे-बैठे स्टेशन के आसपास के रेस्टोरेंट से खाना ऑर्डर कर सकेंगे,
कोटा जंक्शन पर यह सुविधा 21 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है, जबकि सवाई माधोपुर जंक्शन पर जल्द शुरू की जाएगी। यात्री आईआरसीटीसी और स्विगी ऐप के जरिए ट्रेन में बैठे-बैठे स्टेशन के आसपास के रेस्टोरेंट से खाना ऑर्डर कर सकेंगे, जो कियोस्क के जरिए संबंधित कोच तक पहुंचाया जाएगा। सभी कियोस्क एफएसएसएआई के दिशा-निर्देशों के अनुसार संचालित होंगे।
भविष्य में कोटा मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी यह सुविधा शुरू की जाएगी
मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा के मार्गदर्शन में शुरू की गई यह पहल दो वर्ष के अनुबंध पर आधारित है। इसकी सफलता के आधार पर भविष्य में कोटा मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी यह सुविधा शुरू किए जाने की संभावना है।

