नगरीय निकाय चुनाव में 9 व 11 सितंबर को मतदान, संबंधित क्षेत्रों में रहेगा सार्वजनिक अवकाश

48 घंटे शराब बंदी, मतगणना दिवस 14 सितंबर को भी सूखा दिवस घोषित

झालावाड़ (जगदीश पोरवाल ) 25 अगस्त। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिले में दो चरणों में 9 एवं 11 सितंबर को मतदान कराया जाएगा। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए मतदान दिवस पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। साथ ही मतदान से पूर्व 48 घंटे की अवधि में मदिरा की बिक्री, वितरण एवं सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। मतगणना दिवस 14 सितंबर को भी सूखा दिवस घोषित किया गया है।

मतदान से पूर्व 48 घंटे की अवधि में मदिरा की बिक्री, वितरण एवं सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, मतदान दिवस पर अवकाश रहेगा

जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रथम चरण में नगर परिषद झालावाड़ तथा नगरपालिका झालरापाटन, भवानीमंडी एवं डग में 9 सितंबर 2026 (बुधवार) को मतदान होगा। इन निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान दिवस पर सार्वजनिक अवकाश रहेगा। प्रथम चरण के लिए 7 सितंबर को सायं 6 बजे से 9 सितंबर को सायं 6 बजे तक शराब की बिक्री, वितरण एवं सेवन पर प्रतिबंध प्रभावी रहेगा।

इसी प्रकार द्वितीय चरण में नगरपालिका खानपुर, अकलेरा, मनोहरथाना एवं पिड़ावा में 11 सितंबर 2026 (शुक्रवार) को मतदान होगा। इन निर्वाचन क्षेत्रों में भी मतदान दिवस पर सार्वजनिक अवकाश रहेगा। द्वितीय चरण के लिए 9 सितंबर को सायं 6 बजे से 11 सितंबर को सायं 6 बजे तक मदिरा संबंधी प्रतिबंध लागू रहेगा।

14 सितंबर मतदान दिवस पर सूखा दिवस घोषित

राज्य सरकार के वित्त (आबकारी) विभाग के आदेशानुसार 14 सितंबर 2026 को मतगणना दिवस पर भी सूखा दिवस रहेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग एवं राज्य सरकार के आदेशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने, अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी रखने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए हैं।

जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान दिवस पर अपने निर्धारित मतदान केन्द्र पर पहुंचकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं। जिले में मतदान का समय प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!