भ
अतिक्रमण, क्षतिग्रस्त सड़कों और स्ट्रीट लाइट की समस्याओं से निजात दिलाने वाले को ही मिलेगा जनता का समर्थन
भवानीमंडी: (जगदीश पोरवाल )
स्थानीय निकाय चुनाव की आहट के साथ ही भवानीमंडी शहर के नागरिक विकास और बुनियादी समस्याओं को लेकर प्रशासनिक व राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से ‘भवानीमंडी जिला बनाओ समिति’ ने आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘जनता का मेनिफेस्टो’ जारी किया है। समिति ने स्पष्ट किया है कि नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए वही उम्मीदवार आम जनता का भरोसा जीत सकेगा, जो इस मेनिफेस्टो में शामिल 14 प्रमुख मांगों को पूरा करने का लिखित या सार्वजनिक संकल्प लेगा।
14 सूत्रीय ‘जनता का मेनिफेस्टो’ – प्रमुख मांगें:
1. प्रमुख सड़कों का पुनर्निकार्य: अत्यंत जर्जर स्थिति में पहुंच चुकी 12 दुकान तिराहा से अम्बेडकर सर्किल (मेला मैदान) तथा सिंधी मोहल्ला मार्ग को सीसी सड़क (CC Road) के रूप में पुनर्मिलन और पक्का निर्माण कराया जाए।
2. सिंधी मोहल्ला डिवाइडर व पार्किंग: सिंधी मोहल्ले के डिवाइडर का सौंदर्यीकरण कर उसे ऊंचा बनाया जाए, या फिर यातायात व पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान हेतु डिवाइडर हटाकर सड़क को चौड़ा किया जाए।
3. रामनगर प्रवेश द्वार पर डिवाइडर: शहर के प्रवेश द्वार रामनगर स्थित नए चौड़े सीसी रोड पर सुगम यातायात व सुंदरता हेतु डिवाइडर एवं स्ट्रीट लाइट का निर्माण (जिसे पिछले बोर्ड द्वारा रद्द कर दिया गया था) पुनः शुरू हो।
4. गांधी सर्किल अतिक्रमण मुक्त हो: शहर के मध्य नव-निर्मित गांधी सर्किल के आसपास फल-सब्जी के ठेलों व खोमचे वालों के अवैध अतिक्रमण को सख्ती से हटाकर सर्किल को सुंदर रूप दिया जाए।
5. स्टेशन रोड का चौड़ीकरण: स्टेशन रोड के बीचों-बीच स्थित बिजली व टेलीफोन के पोलों को साइड में शिफ्ट किया जाए। साथ ही दुकानदारों द्वारा 15 से 20 फीट आगे तक लगाए गए टीन-शेड और पक्के अतिक्रमण को हटाकर मार्ग सुगम बनाया जाए।
6. पार्कों को वर्षभर खोलने की मांग: शहर के सार्वजनिक पार्कों को पूरे साल खुला रखा जाए, ताकि सुबह-शाम भ्रमण करने वाले वरिष्ठ नागरिकों व बच्चों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
7. पचपहाड़ मार्ग पर डिवाइडर व लाइट: पचपहाड़ मार्ग पर बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए कृषि उपज मंडी से बाबा तिराहे तक डिवाइडर व स्ट्रीट लाइट युक्त सड़क बनाई जाए।
8. प्रकाश व्यवस्था में सुधार: शहर के बाईपास मार्ग एवं गौरव पथ (मेला मैदान से बस स्टैंड होकर बाईपास) पर बंद पड़ी रोड लाइटों को तुरंत दुरुस्त किया जाए।
9. एसडीएम ऑफिस से सुलिया चौकी तक स्ट्रीट लाइट: एसडीएम कार्यालय तिराहे से सुलिया चौकी तक बिजली के पोल व लाइटें लगाई जाएं। इस मार्ग पर कॉलेज, नून हॉस्पिटल, विद्युत विभाग कार्यालय व रिसॉर्ट होने से देर रात तक भारी आवागमन रहता है।
10. सुलिया चौकी से पचपहाड़ 4-लेन: सुलिया चौकी तिराहे से पचपहाड़ तक के 9 किलोमीटर लंबे मुख्य मार्ग को ‘सिटी 4-लेन’ के रूप में विकसित किया जाए।
11. भैंसोदा ओवरब्रिज बाईपास: एसडीएम कार्यालय से भैंसोदा रेल ओवर ब्रिज (ROB) तक नए बाईपास मार्ग का निर्माण कराया जाए।
12. खेल स्टेडियम का निर्माण: स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों की प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए शहर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त खेल स्टेडियम बनाया जाए।
13. नई व्यवस्थित सब्जी मंडी: शहर के बीचों-बीच लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के लिए एक नई और सुनियोजित सब्जी मंडी का निर्माण हो।
14. पचपहाड़ डंपिंग यार्ड का स्थायी समाधान: पचपहाड़ कस्बे के पास स्थित डंपिंग यार्ड के कचरे व दुर्गंध से परेशान कस्बे वासियों को राहत दिलाने के लिए डंपिंग यार्ड का परमानेंट ट्रीटमेंट/निस्तारण किया जाए।
अध्यक्ष पद के दावेदारों के सामने बड़ी चुनौती
‘भवानीमंडी जिला बनाओ समिति’ द्वारा फेसबुक पर साझा किए गए इस मेनिफेस्टो को शहरवासियों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से ये जनसमस्याएं उपेक्षित रही हैं। ऐसे में आगामी नगर पालिका चुनाव में उतरने वाले प्रत्याशियों को केवल वादों तक सीमित न रहकर इन 14 बुनियादी मांगों को पूरा करने का स्पष्ट रोडमैप जनता के सामने रखना होगा।

