स
भवानीमंडी। स्विमिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार को फलोदी नेत्र चिकित्सालय में निशुल्क मोतियाबिंद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 66 मरीजों की आंखों की जांच की गई, जिनमें से 12 मरीजों का बीपी व शुगर टेस्ट के बाद निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयन किया गया।
यह आयोजन एसोसिएशन के संरक्षक मदन लाल गुप्ता की धर्मपत्नी स्व. पुष्पा देवी गुप्ता की स्मृति में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष पिंकी गुर्जर ने किया। मंच पर पूर्व पालिकाध्यक्ष रामलाल गुर्जर, पार्षद दीपमाला गोचर, नेत्र चिकित्सक डॉ. निलेश गुप्ता एवं संरक्षक मदनलाल गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों का फूल-माला, शॉल, श्रीफल व साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि पिंकी गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा, “नेत्र ज्योति का दान सबसे बड़ा दान है। शिविर के माध्यम से यदि कुछ लोगों को भी पुनः देखने का अवसर मिलता है, तो यह मानवता की सच्ची सेवा है।” पूर्व पालिकाध्यक्ष रामलाल गुर्जर ने जनसेवा के कार्यों में सदैव तत्पर रहने का संकल्प दोहराते हुए एसोसिएशन की गतिविधियों की सराहना की। डॉ. निलेश गुप्ता ने शिविर के उद्देश्य व रूपरेखा पर प्रकाश डाला।
संस्था के सदस्य किशन अग्रवाल एवं राजेश गोटावाला ने बताया कि स्व. पुष्पा गुप्ता की स्मृति में एसोसिएशन द्वारा प्रतिवर्ष सेवा कार्य किए जाते हैं, जिसके तहत इस वर्ष यह शिविर आयोजित हुआ।
इस अवसर पर राजेश नाहर, कमलेश गुप्ता (दलाल), किशन अग्रवाल, राजेश गोटावाला, दिलीप गुप्ता, राजेश गर्ग, सोनिया गर्ग, गोवर्धन राठौर, मनोज सोलंकी, राधेश्याम चौधरी, प्रमोद सोनी, हरीश शर्मा, विमल गुप्ता, आनंद नाराणिया, प्रतीक गुप्ता, कपिल शर्मा, आशीष भराड़िया, गिरिराज गुप्ता, अर्पित पोरवाल, गिरीश माधु सहित चिकित्सालय परिवार के श्यामलाल गुप्ता, मांगीलाल गुप्ता एवं डॉ. प्रीति गुप्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन कमलेश गुप्ता दलाल ने किया तथा आभार संरक्षक मदन लाल गुप्ता ने व्यक्त किया।
