झ
झालावाड़: झालावाड़ मेडिकल कॉलेज एवं श्री राजेंद्र गिरी (एसआरजी) चिकित्सालय के न्यूरोसर्जरी विभाग ने एक अत्यंत जटिल और दुर्लभ ऑपरेशन कर 90 वर्षीय वृद्धा को नया जीवन दिया है। डॉक्टरों की टीम ने महिला के सिर से करीब 6 किलोग्राम वजनी ट्यूमर सफलतापूर्वक बाहर निकाला है।
9 साल से कंधे पर ढो रही थीं बोझ
अकलेरा निवासी 90 वर्षीय हलीमा बेगम पिछले 9 वर्षों से सिर पर इस विशालकाय ट्यूमर का भारी बोझ सह रही थीं। ट्यूमर इतना बड़ा था कि उन्हें इसे अपने कंधे पर रखकर चलना पड़ता था। बीते एक महीने में इसका आकार और अधिक बढ़ गया, जिससे उनका उठना-बैठना और दैनिक कार्य करना दूभर हो गया था।
रक्तस्राव रोकना था सबसे बड़ा जोखिम
न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. रामसेवक योगी और एनेस्थीसिया विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव गुप्ता ने बताया कि अत्यधिक उम्र और गर्दन की मुख्य रक्त धमनियों से ट्यूमर को होने वाली ब्लड सप्लाई के कारण सर्जरी बेहद जोखिमभरी थी। डॉक्टरों ने सबसे पहले प्रमुख धमनियों को नियंत्रित किया और 2 यूनिट रक्त चढ़ाकर मरीज के ब्लड प्रेशर को स्थिर रखते हुए सुरक्षित ऑपरेशन को अंजाम दिया।
रंग लाई डॉक्टरों और स्टाफ की मेहनत
इस सफल सर्जरी में डॉ. रामसेवक योगी के मार्गदर्शन में डॉ. रामावतार मालव, डॉ. जुबैर आलम, डॉ. रामकिशन मालव, डॉ. अटल राज मेहता, डॉ. आलोक और एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. संजीव गुप्ता की मुख्य भूमिका रही। पैरामेडिकल टीम के कन्हैयालाल सुतार और रवि ने भी सराहनीय सहयोग दिया।
ऑपरेशन के बाद हलीमा बेगम की स्थिति स्थिर है और उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। परिजनों ने इस जटिल सर्जरी को सफल बनाने के लिए पूरी मेडिकल टीम का आभार व्यक्त किया है।
