अमृत भारत एक्सप्रेस का भवानीमंडी में हुआ नियमित ठहराव, क्षेत्रवासियों को मिलेगी सीधी रेल सुविधा

भवानीमंडी। (जगदीश पोरवाल )कोटा रेल मंडल के यात्रियों और स्थानीय निवासियों के लिए एक राहत भरी खबर है। रेल प्रशासन ने अहमदाबाद–पटना–अहमदाबाद क्लोन स्पेशल को नियमित ट्रेन के रूप में बदलने का फैसला किया है। अब यह ट्रेन गाड़ी संख्या 19423/19424 अहमदाबाद–भागलपुर–अहमदाबाद साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में संचालित होगी, जिससे भवानीमंडी स्टेशन पर भी ठहराव मिलेगा।

​वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन के अनुसार, ट्रेन के नियमित संचालन से भवानीमंडी व आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को गुजरात और बिहार के प्रमुख शहरों के लिए सीधी और सुविधाजनक रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।

ट्रेन की समय-सारणी एवं ठहराव

  • अहमदाबाद से भागलपुर (19423): 26 अगस्त 2026 से प्रत्येक बुधवार को अहमदाबाद से शाम 18:30 बजे रवाना होकर अगले दिन गुरुवार तड़के 01:58 बजे भवानीमंडी पहुंचेगी। यहां दो मिनट के ठहराव के बाद रामगंजमंडी, कोटा, सवाई माधोपुर होते हुए शुक्रवार सुबह 06:40 बजे भागलपुर पहुंचेगी।
  • भागलपुर से अहमदाबाद (19424): 28 अगस्त 2026 से प्रत्येक शुक्रवार को भागलपुर से शाम 16:45 बजे रवाना होकर अगले दिन शनिवार शाम 19:18 बजे भवानीमंडी पहुंचेगी। इसके बाद रविवार सुबह 05:25 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।

इन प्रमुख स्टेशनों से जुड़ेगा भवानीमंडी

यह ट्रेन दोनों दिशाओं में आनंद, गोधरा, रतलाम, कोटा, आगरा ईदगाह, गोविंदपुरी, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, पटना, जमालपुर और सुल्तानगंज जैसे प्रमुख व्यापारिक व धार्मिक केंद्रों पर ठहरेगी।

​रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व एनटीईएस (NTES) ऐप या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट से समय-सारणी की पुष्टि अवश्य कर लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!