भैसोदामंडी। पुलिस चौकी भैंसोदामंडी (थाना भानपुरा) ने संपत्ति संबंधी अपराध के खिलाफ सफलता हासिल की है। बोरदा स्थित प्रसिद्ध देवनारायण मंदिर से चोरी गए 174 ग्राम चांदी के सामान (कीमत लगभग ₹70,000) को पुलिस ने महज 18 घंटे के भीतर बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने 4 विधि विरुद्ध बालकों को अपनी अभिरक्षा में लिया है।
क्या था मामला?
फरियादी फूलचंद गुर्जर (निवासी बोरदा) ने पुलिस चौकी भैंसोदामंडी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 अगस्त की रात मंदिर का पट बंद कर घर जाने के बाद अज्ञात बदमाशों ने मंदिर की लोहे की पेटी में रखा भगवान देवनारायण जी का चांदी का छत्र, आरती, गाय, तिलक और चैन चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देशों तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में भानपुरा थाना प्रभारी विनय बुंदेला और भैंसोदामंडी चौकी प्रभारी धर्मेश यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर की सूचना, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से तत्परता दिखाते हुए 18 घंटे के अंदर 4 विधि विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लेकर शत-प्रतिशत चोरी गया मशरुका बरामद कर लिया।
भैसोदामंडी चौकी प्रभारी धर्मेश यादव ने बताया कि नाबालिक आरोपीयों ने बोरदा मंदिर से चोरी लिये गए चांदी के बर्तनों को बेचने के लिए ज्ञान विहार रोड होते हुए भवानीमंडी के सोने चांदी के व्यापारियों को बेचने जा रहे थे इसी बीच चार में से तीन नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया है एक की अभी गिरफ्तारी बाकी है ।
बरामदगी:
174 ग्राम चांदी (छत्र, आरती, गाय, तिलक, चेन) — कुल कीमत ₹70,000
सराहनीय भूमिका:
इस त्वरित और सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी भानपुरा उनि विनय कुमार बुंदेला, चौकी प्रभारी भैंसोदामंडी उनि धर्मेश यादव, उनि ओंकार सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक अंतिम गौड़ तथा आरक्षक जितेंद्र का विशेष योगदान रहा।
