क
कोटा। ( जगदीश पोरवाल ) यात्रियों की सुरक्षा और सुगम रेल यात्रा को प्राथमिकता देते हुए कोटा मंडल के ऑपरेटिंग विभाग ने फील्ड मॉनिटरिंग और सुरक्षा मानकों को और कड़ा कर दिया है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक योगेश कुमार मित्तल की अध्यक्षता में पर्यवेक्षकों और सेक्शनल टीआई (यातायात निरीक्षक) की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने जानकारी दी कि बैठक के दौरान वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विनोद कुमार मीणा ने ग्राउंड लेवल पर उपलब्ध संसाधनों, कार्यप्रणाली और परिचालन से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध समाधान निकालने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सतत संवाद और संयुक्त समन्वय पर जोर
बैठक में अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों का नियमित निरीक्षण करने, कमियों की त्वरित पहचान कर उन्हें दूर करने और फील्ड स्टाफ के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने की हिदायत दी गई। परिचालन में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए विशेष सुरक्षा अभियान चलाने, अंतर-विभागीय समन्वय बढ़ाने और संयुक्त प्रक्रिया आदेश (JPO) के माध्यम से समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने पर सहमति बनी।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मी सम्मानित
सुरक्षा और परिचालन में सराहनीय योगदान देने के लिए मंडल स्तर पर तीन रेलकर्मियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में अरविंद पाठक (टीआई/कोटा), पारसराम मीणा (टीआई/बूंदी) और मुनीराज मीणा (स्टेशन अधीक्षक/श्यामपुरा) शामिल हैं।
रेल प्रशासन का मानना है कि इन कवायदों से न केवल ट्रेन संचालन अधिक सुरक्षित और समयबद्ध होगा, बल्कि यात्रियों को भी एक बेहतर और व्यवस्थित रेल यात्रा का अनुभव मिलेगा।
