ज
भवानीमंडी (जगदीश पोरवाल)। भारतीय अंगदान दिवस के अवसर पर जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में कोटा संभाग की प्रमुख प्रतिनिधि संस्था ‘शाइन इंडिया फाउंडेशन’ को चिकित्सा विभाग द्वारा सम्मानित किया गया। अंगदान, नेत्रदान और देहदान जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए संस्था को “बेस्ट एनजीओ ऑफ द ईयर” (राज्य की उत्कृष्ट सामाजिक सेवा संस्था) का अवार्ड दिया गया।
सवाई मानसिंह (SMS) मेडिकल कॉलेज जयपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्य के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़, SMS मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. दीपक माहेश्वरी और ‘सोटो’ (SOTTO) राजस्थान की जॉइंट डायरेक्टर डॉ. चित्रा सिंह ने शाइन इंडिया फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. कुलवंत गौड़ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। लगातार तीन वर्षों तक यह राज्य स्तरीय कीर्तिमान हासिल करने वाली शाइन इंडिया फाउंडेशन राजस्थान की पहली संस्था बन गई है।
चिकित्सा मंत्री ने लिया अंगदान का संकल्प
समारोह के दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने मंच से ही अंगदान करने का संकल्प लिया। वहीं, प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने शाइन इंडिया फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे अभिनव प्रयासों—जैसे ‘गिफ्ट ऑफ लाइफ एंबेसडर बैच’, सांप-सीढ़ी खेल, और ऑर्गन एंड आई डोनेशन एंबेसडर योजना—की खुलकर सराहना की।
सम्मान हाड़ौती की जनता और दानदाताओं को समर्पित
संस्था की सचिव डॉ. संगीता गौड़ ने इस उपलब्धि को पूरे हाड़ौती संभाग के नेत्रदानी-अंगदानी परिवारों, स्वयंसेवकों (ज्योति मित्रों), प्रशासन और मीडिया सहयोगियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने बताया कि संस्था पिछले 15 वर्षों से इस क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है और अकेले जुलाई माह में ही शिक्षा विभाग के सहयोग से 5,000 से अधिक विद्यार्थियों को अंगदान जागरूकता से जोड़ा गया है।


