भवानीमंडी (जगदीश पोरवाल )। झालावाड़-बारां सांसद दुष्यंत सिंह ने ब नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान सांसद ने अपने संसदीय क्षेत्र की रेल सेवाओं के विस्तार और यात्री सुविधाओं में सुधार से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर रेल मंत्री से विस्तृत चर्चा की तथा एक ज्ञापन सौंपा।
मंडल अध्यक्ष प्रदीप जैन ने बताया कि सांसद दुष्यंत सिंह जी न ने संसदीय क्षेत्र के विभिन्न स्टेशनों के लिए निम्न ट्रेनों के ठहराव की मांग की है ।
प्रमुख माँगें एवं प्रस्ताव:
- दिन के समय मेमू ट्रेन: कोटा-बीना रेलमार्ग पर दिन के समय एक नियमित मेमू ट्रेन का संचालन शुरू किया जाए।
- अतिरिक्त मेमू सेवा: कोटा से शाम 5:30 बजे के बाद भवानीमंडी, शामगढ़ और चौमहला की दिशा में जाने वाले यात्रियों के लिए एक अतिरिक्त मेमू ट्रेन चलाई जाए।
- आमेटा में ठहराव: कोटा-अकलेरा के बीच संचालित मेमू ट्रेनों (59837/838 एवं 59839/840) का आमेटा स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित किया जाए।
- खिलचीपुर तक विस्तार: कोटा–नागदा मेमू (61613/614) की सेवा का विस्तार खिलचीपुर तक किया जाए।
- श्रीगंगानगर एक्सप्रेस का विस्तार: श्रीगंगानगर–झालावाड़ सिटी एक्सप्रेस (22997/22998) का विस्तार अकलेरा तक किया जाए, ताकि क्षेत्रीय निवासियों को जयपुर, बीकानेर, नागौर और श्रीगंगानगर के लिए सीधी रेल सुविधा मिल सके।
सांसद दुष्यंत सिंह ने बताया कि इन प्रस्तावों पर अमल होने से झालावाड़-बारां सहित हाड़ौती और मालवा क्षेत्र के लाखों यात्रियों को सुगम व सुलभ परिवहन की सुविधा मिलेगी। साथ ही, क्षेत्र में व्यापार, शिक्षा, रोजगार और पर्यटन गतिविधियों को नई गति प्राप्त होगी।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सभी माँगों को गंभीरतापूर्वक सुना और जनहित में सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
