जनसंदेश (जगदीश पोरवाल )
दानवीरों और सेवाभाव की धरती झालावाड़ ने हमेशा प्रदेश में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। नेत्रदान और अंगदान के क्षेत्र में जिलेवासियों के अद्वितीय योगदान के कारण झालावाड़ आज कोटा संभाग में अग्रणी पंक्ति में खड़ा है। हाल ही में हुए 2 सफल अंगदान इस बात का जीवंत प्रमाण हैं कि झालावाड़ के निवासियों में मानवता के प्रति कितना गहरा समर्पण है।
लेकिन अब समय आ गया है जब हमें इस सेवा यात्रा को एक नया आयाम देना है। झालावाड़ का अगला सबसे बड़ा लक्ष्य है—हमारे अपने झालावाड़ मेडिकल कॉलेज में ‘ऑर्गन ट्रांसप्लांट’ (अंग प्रत्यारोपण) की सुविधा शुरू करवाना!
क्यों जरूरी है झालावाड़ में ऑर्गन ट्रांसप्लांट सेंटर?
झालावाड़ मेडिकल कॉलेज के पास दक्ष व अनुभवी डॉक्टरों की टीम और आधुनिक संसाधनों की कोई कमी नहीं है। कमी है तो बस आधिकारिक परमिशन की।
सोचिए! यदि झालावाड़ में ट्रांसप्लांट की अनुमति मिल जाती है, तो हमारे जिले के दानवियों द्वारा किए गए अंगदान का सीधा लाभ हमारे ही अपनों, हमारे ही झालावाड़ के मरीजों को मिल सकेगा। इलाज के लिए बाहर भागने की मजबूरी खत्म होगी और कई जिंदगियां हमारे अपने शहर में बचाई जा सकेंगी।
देशभर में राजस्थान प्रथम, झालावाड़ का ऐतिहासिक योगदान
भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे ऑनलाइन अंगदान संकल्प अभियान में हमारा राजस्थान पूरे देश में 1,42,092 ऑनलाइन शपथों के साथ प्रथम स्थान पर बना हुआ है। इसमें झालावाड़ जिले का योगदान अद्भुत रहा है, जहाँ से रिकॉर्ड 1,207 नागरिकों ने अंगदान का संकल्प लिया है।
लेकिन हमारी मंजिल अभी दूर है! यदि हम झालावाड़ से इस संख्या को रिकॉर्ड स्तर पर ले जाते हैं, तो NOTTO (नेशनल ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन) का ध्यान झालावाड़ की ओर आकर्षित होगा और मेडिकल कॉलेज को ट्रांसप्लांट सेंटर की मान्यता मिलने की राह आसान हो जाएगी।
समय कम है: 3 अगस्त तक रचा जाएगा नया इतिहास!
हमारा लक्ष्य है कि 3 अगस्त तक झालावाड़ जिले से कम से कम 2,500 नागरिक ऑनलाइन अंगदान/नेत्रदान का संकल्प लें।
यह केवल एक आंकड़े की बात नहीं है, यह झालावाड़ के स्वास्थ्य भविष्य की नींव रखने की बात है। यदि आपने पहले कभी शाइन इंडिया फाउंडेशन या किसी अन्य माध्यम से भी संकल्प लिया है, तब भी आपको इस सरकारी पोर्टल पर पुनः शपथ लेनी अनिवार्य है।
आप इस महायज्ञ में कैसे दे सकते हैं अपनी आहुति?
अंगदान की ऑनलाइन प्रक्रिया बेहद आसान है और इसमें मात्र 2 मिनट का समय लगता है:
- वेबसाइट खोलें: अपने मोबाइल या कंप्यूटर पर notto.abdm.gov.in पर जाएं।
- रजिस्टर करें: ‘Register for Pledge’ या ‘Not registered as pledger, Register here’ पर क्लिक करें।
- ओटीपी दर्ज करें: अपना मोबाइल नंबर डालें और प्राप्त हुआ OTP भरें।
- विवरण सबमिट करें: अपनी सामान्य जानकारी भरें और फॉर्म सबमिट करें। (आप चाहें तो केवल नेत्रदान चुनकर भी इस संकल्प का हिस्सा बन सकते हैं।)
- प्रमाणपत्र प्राप्त करें: फॉर्म जमा होते ही आपको अंगदान संकल्प का आधिकारिक डिजिटल सर्टिफिकेट मिल जाएगा।
झालावाड़ के हर नागरिक से अपील!
यह समय केवल खुद शपथ लेने का नहीं है, बल्कि अपने पूरे परिवार, रिश्तेदारों और मित्रों को भी प्रेरित करने का है।
सर्टिफिकेट प्राप्त करने के बाद इसे गर्व से अपने सोशल मीडिया पर शेयर करें, अपने प्रतिष्ठानों पर लगाएं ताकि अन्य लोग भी आपसे प्रेरणा ले सकें।
आइए, एकजुट होकर अपने झालावाड़ को ‘स्वास्थ्य और जीवनदान का सिरमौर’ बनाएं!
आपका एक छोटा सा प्रयास, झालावाड़ के मेडिकल कॉलेज को एक नया जीवन और किसी जरूरतमंद को नई सांसें दे सकता है।
नोट – फोटो Al बनाया गया काल्पनिक है ।

