भ
भवानीमंडी (राजस्थान)
शहर की महाकाल कॉलोनी में गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने मकान के ताले तोड़कर घर खंगाल डाला और लगभग ढाई लाख रुपये नकद तथा बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। हैरान करने वाली बात यह रही कि वारदात के दौरान चोरों ने फ्रिज से अंडे निकालकर आराम से ऑमलेट भी बनाया और खाकर चंपत हो गए।
पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित गृहस्वामी हरजीत सिंह उर्फ ‘टिल्लू सरदार’ का परिवार इस समय किसी कार्यवश मुंबई गया हुआ है। शुक्रवार सुबह जब पड़ोसी लक्ष्मीकांत उपाध्याय की नजर टिल्लू सरदार के घर के खुले तालों और बिखरे सामान पर पड़ी, तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को इकट्ठा किया और भवानीमंडी पुलिस थाने को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया।
वारदात का अनोखा तरीका: 14 अंडों का बनाया ऑमलेट
चोरी की इस घटना में चोरों की बेखौफ मानसिकता सामने आई है। चोरों ने न केवल अलमारियों और तिजोरियों को खंगाला, बल्कि इत्मीनान से रसोई का भी रुख किया। उन्होंने फ्रिज में रखे 14 अंडों के ऑमलेट बनाए, खाए और फिर माल समेटकर फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई:
भवानीमंडी थानाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँच गई थी। चूँकि मकान मालिक वर्तमान में शहर से बाहर (मुंबई) हैं, इसलिए उनके लौटने और औपचारिक शिकायत देने के बाद ही मामला दर्ज किया जाएगा। फिलहाल, पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी जा रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ा जा सके।

