जिला पुलिस की विशेष पहल: झालावाड़ पुलिस ने औद्योगिक इकाइयों और निवेशकों के साथ की संवाद बैठकें
अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत होगी सख्त कार्रवाई
झालरापाटन, भवानीमंडी, कोतवाली समेत कई थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा
झालावाड़। ( जगदीश पोरवाल ) जिले के औद्योगिक क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा निवेशकों व औद्योगिक इकाइयों को भयमुक्त एवं विश्वासपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पुलिस द्वारा विशेष पहल की गई है। पुलिस प्रशासन ने विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में निवेशकों, क्लस्टरों एवं औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें आयोजित कर उनकी समस्याओं और सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं पर विस्तृत चर्चा की।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप राजस्थान में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए सुरक्षित माहौल देना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उद्योगों की स्थापना या संचालन में अनावश्यक व्यवधान डालने, भय फैलाने या अवैध लाभ उठाने की कोशिश करने वाले असामाजिक और आपराधिक तत्वों के विरुद्ध पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई कर रही है।
थाना स्तर पर आयोजित हुईं बैठकें
औद्योगिक विकास को गति देने और निवेशकों का विश्वास बढ़ाने के लिए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बैठकें आयोजित की गईं:
झालरापाटन: 5 बैठकें
मिश्रोली: 7 बैठकें
भवानीमंडी: 5 बैठकें
सदर झालावाड़: 2 बैठकें
मनोहरथाना: 1 बैठक
कोतवाली झालावाड़: 1 बैठक
इन बैठकों में उद्योगों से जुड़ी समस्याओं, आपसी विवादों और शिकायतों की जानकारी ली गई। राहत की बात यह रही कि अधिकांश निवेशकों एवं उद्योग प्रतिनिधियों ने वर्तमान में किसी भी गंभीर सुरक्षा समस्या या विवाद से इनकार किया।
“निवेशकों की सुरक्षा, उद्योगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स और बेहतर समन्वय के साथ झालावाड़ में औद्योगिक विकास को नई गति दी जाएगी।”
— अमित कुमार, पुलिस अधीक्षक, झालावाड़

