भवानीमंडी में सीएलजी बैठक: अपराधियों पर पुलिस की कड़ी नजर, दहशत फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई – एसपी अमित बुढ़ानिया



भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवाल ) पुलिस थाना परिसर में शुक्रवार को जिला पुलिस अधीक्षक अमित बुढ़ानिया के नेतृत्व में कम्युनिटी लाइजन ग्रुप (सीएलजी) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में भवानीमंडी पुलिस उपाधीक्षक सत्यनारायण गोदारा सहित थाना पुलिस के अधिकारी एवं सीएलजी सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अमित बुढ़ानिया ने कहा कि संगठित अपराध करने वाले एवं क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बनाने वाले असामाजिक तत्व पुलिस की कड़ी निगरानी में हैं। ऐसे लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी है और आगे भी किसी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की नजर अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर लगातार बनी हुई है तथा ऐसे प्रत्येक व्यक्ति की नियमित रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
एसपी ने बताया कि जिले में पिछले छह माह के दौरान चार फर्जी मुकदमों का खुलासा किया गया, जिनमें तीन एनडीपीएस तथा एक फर्जी चाकूबाजी का मामला शामिल था। उन्होंने कहा कि पुलिस तथ्यपरक जांच के आधार पर कार्रवाई कर रही है और कानून का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ भी सख्ती बरती जाएगी।

उन्होंने सीएलजी सदस्यों से क्षेत्र की समस्याएं और सुझाव सुने तथा उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही नागरिकों से अपील की कि वे संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को दें, अफवाहों से बचें और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

एसपी बुढ़ानिया ने भवानीमंडी के नागरिकों एवं व्यापारियों की जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि शहर में निजी स्तर पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे तथा सीपीओ व्यवस्था कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

बैठक में भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रदीप कुमार जैन, वरिष्ठ भाजपा नेता दुर्गाशंकर ठेकेदार, भाजपा नेता सुरेश जैन करावन, बालमुकुंद मेघवाल, गगनदीप सिंह होरा, कांग्रेस नेता नारायण सिंह चौहान, नगर कांग्रेस अध्यक्ष विनय आस्तोलिया, नीता खत्री, व्यापार महासंघ अध्यक्ष गिरीश सोमानी, पूर्व अध्यक्ष राजेश नाहर, प्रीतपाल सिंह, नरेश माधवानी ,प्रदीप शर्मा ,राधेश्याम काला सहित पुलिस अधिकारी, सीएलजी सदस्य एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में सभी ने क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं आपसी सहयोग को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पुलिस के साथ मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!